उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पीलीभीत जिले के दौरे पर पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे उनका हेलीकॉप्टर बीसलपुर तहसील क्षेत्र के नूरानपुर गांव में शिव मंदिर के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। मुख्यमंत्री के आगमन पर कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया।
कथा के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए CM
नूरानपुर स्थित गोरक्षपीठ से जुड़े शिव मंदिर परिसर में कथा का आयोजन किया गया था। मंगलवार को कथा का समापन हुआ। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुबह से ही आश्रम परिसर में तैयारियां की जा रही थीं। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
सुरक्षा के लिए नौ जिलों की पुलिस तैनात
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पीलीभीत समेत नौ जिलों की पुलिस को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई। करीब 1600 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की एक कंपनी तैनात रही। सुरक्षा व्यवस्था में चार अपर पुलिस अधीक्षक, 16 डिप्टी एसपी, 42 थाना प्रभारी, 144 उपनिरीक्षक और 38 महिला उपनिरीक्षक शामिल रहीं। इसके अलावा 707 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल, 124 महिला कांस्टेबल और 65 यातायात पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई।