उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 5 नवंबर को गाजियाबाद में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे। कार्यक्रम राजनगर एक्सटेंशन में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था
मुख्यमंत्री के एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक के मार्ग पर करीब 3,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, शहर की यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 600 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुरक्षा में डीआईजी रैंक के दो अधिकारी तैनात
पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने राजनगर एक्सटेंशन स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। व्यवस्था की निगरानी के लिए डीआईजी रैंक के दो, एसपी रैंक के पांच और एसीपी रैंक के आठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।
भाजपा ने पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
पदयात्रा में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भाजपा ने संगठन स्तर पर तैयारियां की हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने बुधवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने राजनगर एक्सटेंशन में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मंडल अध्यक्षों, जिला और महानगर अध्यक्षों समेत अन्य पदाधिकारियों को कार्यक्रम की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
दोपहर में एयरपोर्ट पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार दोपहर गाजियाबाद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह राजनगर एक्सटेंशन स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे और भाजपा की पदयात्रा में शामिल होंगे।