त्योहारों पर यूपी में सुरक्षा के कड़े निर्देश

त्योहारों पर यूपी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली के दौरान यूपी में पुलिस अलर्ट रहेगी। सोशल मीडिया निगरानी, बाजारों में गश्त, अग्निशमन, यातायात और बिजली-पानी व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया।

By : सोनिया रायकवार
त्योहारों पर यूपी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है। शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी

मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर चौबीसों घंटे नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने और भ्रामक जानकारी के जरिए सामाजिक माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और रूट डायवर्जन की जानकारी पहले से लोगों तक पहुंचाने को कहा।

मंदिरों और बाजारों में बढ़ेगी पुलिस निगरानी

प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। धनतेरस और दीपावली के दौरान बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में पुलिस की पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और पीआरवी-112 को अलर्ट रहने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को खुद मौके पर जाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रतिमा स्थापना के आयोजनों के लिए नियमानुसार समय पर अनुमति देने और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

पटाखों की दुकानों पर सुरक्षा के निर्देश

पटाखों की दुकानों और अस्थायी गोदामों को घनी आबादी से दूर खुले और सुरक्षित स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इनके लिए जरूरी लाइसेंस और अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडर और जरूरी उपकरणों के साथ 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बिजली, पानी और परिवहन व्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा है। सड़कों के गड्ढे, जलभराव और कूड़े की समस्या दूर करने के साथ नियमित फॉगिंग और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें चलाने और अनफिट व डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है। निजी बसों में मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

किसानों और कर्मचारियों को लेकर भी निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय त्योहार से पहले उनके बैंक खातों में भेजने को कहा। पेंशनरों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का भी प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। किसानों के लिए यूरिया और डीएपी की उपलब्धता पर नजर रखने को कहा गया है। खाद की जमाखोरी, कृत्रिम किल्लत या निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। धान खरीद केंद्रों पर किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए पारदर्शी तरीके से तौल कराने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई किसान अपनी फसल बेचे बिना केंद्र से वापस न लौटे। बैठक में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।

संबंधित सामग्री

CM योगी का गोवंश संरक्षण पर बड़ा बयान, बोले- हर हाल में करनी है गायों की रक्षा, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

CM योगी का गोवंश संरक्षण पर बड़ा बयान, बोले- हर हाल में करनी है गायों की रक्षा, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोवर्धन पूजा की और गोवंश संरक्षण की योजनाओं की जानकारी दी।

09 Nov 2026
दिवाली पर परिवार के साथ जयपुर की सड़कों पर निकले CM भजनलाल शर्मा, बच्चों को बांटी चॉकलेट

दिवाली पर परिवार के साथ जयपुर की सड़कों पर निकले CM भजनलाल शर्मा, बच्चों को बांटी चॉकलेट

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेरी गेट से न्यू गेट तक पैदल भ्रमण किया, बच्चों को चॉकलेट बांटी और दुकानदारों व आम लोगों से मुलाकात की।

09 Nov 2026
पंजाब पुलिस के बड़े अधिकारी पहुंचे CM भगवंत मान के पास, दिवाली पर सुरक्षा का दिया भरोसा

पंजाब पुलिस के बड़े अधिकारी पहुंचे CM भगवंत मान के पास, दिवाली पर सुरक्षा का दिया भरोसा

पंजाब पुलिस अधिकारियों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को त्योहारों की बधाई दी और राज्य में शांति, सद्भाव व कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा जताया।

09 Nov 2026
खड़गे के बयान पर विधायक रामेश्वर शर्मा का पलटवार, बोले- 'कांग्रेस के दिमाग में सिर्फ ईद बसी है'

खड़गे के बयान पर विधायक रामेश्वर शर्मा का पलटवार, बोले- 'कांग्रेस के दिमाग में सिर्फ ईद बसी है'

रामेश्वर शर्मा ने कहा कि खड़गे के ईद वाले बयान से दीपावली की खुशियां प्रभावित नहीं होंगी। उन्होंने कांग्रेस पर सनातन संस्कृति को भूलने का आरोप लगाया।

09 Nov 2026
हाजीपुर में दिवाली की रात सनसनीखेज वारदात, पति ने कथित तौर पर पत्नी की गोली मारकर की हत्या, फरार आरोपी की तलाश में जुटी

हाजीपुर में दिवाली की रात सनसनीखेज वारदात, पति ने कथित तौर पर पत्नी की गोली मारकर की हत्या, फरार आरोपी की तलाश में जुटी

बिहार के हाजीपुर में दीपावली की रात पति पर पत्नी की गोली मारकर हत्या का आरोप है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की है।

09 Nov 2026