मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की जान चली गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चैंबर में जमा जहरीली गैस की चपेट में आने और अंदर फंसने से कर्मचारी अचेत हो गए। उन्हें बचाने की कोशिश में कुछ अन्य कर्मचारी भी प्रभावित हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रात करीब 10:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, होटल के दाईं ओर मिष्ठान, डेयरी उत्पाद और खाद्य सामग्री से निकलने वाले वेस्टेज के लिए चैंबर बना हुआ है। शनिवार रात करीब 10:30 बजे कर्मचारी इसकी सफाई के लिए अंदर उतरे थे। बताया जा रहा है कि चैंबर में जमा गैस के प्रभाव से वे अचेत हो गए और बाहर नहीं निकल सके। घटना की जानकारी मिलते ही होटल के अन्य लोग उन्हें बचाने पहुंचे। इस दौरान कुछ अन्य कर्मचारी भी गैस के प्रभाव में आए और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
इलेक्ट्रिक कटर से चैंबर का हिस्सा काटकर रेस्क्यू
सूचना मिलने पर पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। चैंबर संकरा होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी आई। इसके बाद इलेक्ट्रिक कटर की मदद से चैंबर का एक हिस्सा काटकर कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें CPR देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन चारों की जान नहीं बचाई जा सकी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर जताया दुख
उज्जैन में एक निजी होटल में चैंबर की सफाई के दौरान हुई दुर्घटना में चार लोगों के दुखद निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 1, 2026
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों की पहचान कमलेश पिता सोहनलाल और नितिन पिता ताराचंद, दोनों निवासी वाल्मीकि नगर, उज्जैन; वाहिद निवासी सोमवरिया, उज्जैन; और मनोज मीणा निवासी झालावाड़, राजस्थान के रूप में हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था की जांच में जुटा प्रशासन
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस और प्रशासन ने चैंबर के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है। अब जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। चैंबर में जहरीली गैस की मौजूदगी और कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाने सहित सभी पहलुओं की जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय हो सकेगी।