हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का चार दिवसीय चंबा दौरा आज से शुरू हो गया है। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भटियात, चुराह और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। दौरे का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना और स्थानीय लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना है।
भटियात को 500 करोड़ की योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री आज भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी चौगान में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, भटियात क्षेत्र के लिए करीब 500 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की तैयारी की गई है। इनमें सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं।
गांव पहुंचकर लोगों से करेंगे सीधा संवाद
मुख्यमंत्री शाम 5:15 बजे ककीरा के चलामा स्थित मेला मैदान में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान वह स्थानीय निवासियों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम घटासनी गांव में निर्धारित है।
6 नवंबर तक जारी रहेगा दौरा
चार दिवसीय दौरे के अगले चरण में मुख्यमंत्री 4 नवंबर को ककीरा स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और भंजराड़ू में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। 5 नवंबर को तीसा में एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाने के बाद भरमौर क्षेत्र में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 6 नवंबर को मैहला में विद्यार्थियों से बातचीत के बाद शिमला लौटेंगे।