श्रीगंगानगर रेल ट्रैक पर जोरदार धमाका

राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, 6 ट्रेनें रद्द; 45 मिनट पहले गुजरी थी पैसेंजर ट्रेन

श्रीगंगानगर के अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर धमाके से ट्रैक क्षतिग्रस्त हुआ। IB, CID और ATS जांच में जुटी हैं, जबकि छह ट्रेनें रद्द कर दी गईं।

By : सोनिया रायकवार
राजस्थान में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, 6 ट्रेनें रद्द; 45 मिनट पहले गुजरी थी पैसेंजर ट्रेन

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर मंगलवार रात जोरदार धमाका हुआ। रात करीब 9:45 बजे हुए इस ब्लास्ट से रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा। पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक पूरी तरह टूट गए और पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा हो गया। धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। राहत की बात यह रही कि धमाके से करीब 45 मिनट पहले इसी ट्रैक से एक पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थी।

धमाके के कारण रेलवे ट्रैक के नीचे लगे स्लीपर पूरी तरह टूट गए हैं।

रात 11 बजे मौके पर पहुंची पुलिस

रामसिंहपुर के सीआई राम प्रताप के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ की ओर ट्रेन रवाना हुई थी। रात करीब 9 बजे ट्रेन 50 जीबी गांव के आसपास से गुजरी। इसके करीब 45 मिनट बाद रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ। आवाज सुनकर आसपास की ढाणियों में रहने वाले ग्रामीण पटरियों के पास पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

IB, CID और ATS ने संभाली जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद आईबी और सीआईडी की टीमें रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंचीं। इसके कुछ देर बाद एटीएस के एडिशनल एसपी सुरेंद्र कुमार भी जांच के लिए पहुंचे। श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने बताया कि धमाके की तीव्रता और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच की जा रही है। एफएसएल टीम मौके से नमूने लेकर उनकी जांच करेगी।

 पटरी को ब्लॉक के साथ जोड़ने वाले लॉक भी टूट गए।

6 ट्रेनें रद्द, रेल यातायात प्रभावित

धमाके के बाद सुरक्षा के मद्देनजर अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल लाइन पर यातायात बंद कर दिया गया। बुधवार सुबह 9 बजे तक इस रूट पर रेल परिचालन रोकने की जानकारी दी गई। इसके अलावा इस रूट की छह ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अक्टूबर में मिला था विस्फोटक और हथियारों का जखीरा

श्रीगंगानगर जिले के पाकिस्तान सीमा से सटे रावला मंडी इलाके में अक्टूबर में सुरक्षा एजेंसियों ने हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। इसमें 7.750 किलोग्राम RDX, दो पिस्टल, चार मैगजीन, करीब 867 कारतूस, पांच बैटरियां और दो रिमोट शामिल थे। जांच एजेंसियों को आशंका थी कि यह सामग्री किसी बड़ी साजिश के लिए लाई गई थी। हालांकि, रेलवे ट्रैक पर हुए ताजा धमाके से इस बरामदगी का कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ की घटनाएं

राजस्थान में इससे पहले भी रेलवे ट्रैक पर बाधा डालकर ट्रेनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के मामले सामने आए हैं।

  • 19 जनवरी 2026 को जयपुर में महाराजा एक्सप्रेस के रेलवे ट्रैक पर लोहे के एंगल रखे गए थे। लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

  • 7 अप्रैल 2026 को चित्तौड़गढ़ में ओराई नदी की पुलिया पर रेलवे ट्रैक के बीच लोहे का करीब 17 फीट लंबा टुकड़ा रखा गया था। इससे मालगाड़ी का इंजन टकराया, लेकिन बड़ा हादसा नहीं हुआ।

  • 23 अगस्त 2024 को पाली में वंदे भारत ट्रेन के रास्ते में सीमेंट का ब्लॉक रखा गया था। ट्रेन ब्लॉक से टकराई थी।

फिलहाल श्रीगंगानगर में हुए धमाके की जांच जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमाका कैसे हुआ और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

संबंधित सामग्री

सुबह खाली पेट आंवला खाना कितना फायदेमंद? जानिए सही समय, फायदे और किन लोगों को रखनी चाहिए सावधानी

सुबह खाली पेट आंवला खाना कितना फायदेमंद? जानिए सही समय, फायदे और किन लोगों को रखनी चाहिए सावधानी

आंवला इम्यूनिटी, त्वचा और पाचन के लिए फायदेमंद है। स्वस्थ लोग इसे सीमित मात्रा में खाली पेट खा सकते हैं, लेकिन एसिडिटी या गैस्ट्राइटिस वालों को भोजन के साथ लेना चाहिए।

12 Nov 2026
56 की उम्र में सैफ अली खान का फिटनेस अवतार, योग वीडियो पर करीना ने किया मजेदार कमेंट

56 की उम्र में सैफ अली खान का फिटनेस अवतार, योग वीडियो पर करीना ने किया मजेदार कमेंट

सैफ अली खान ने राजस्थान के रावल नर्लई में योग करते हुए अपना पहला फिटनेस वीडियो शेयर किया। करीना कपूर के मजेदार कमेंट ने इसे सोशल मीडिया पर चर्चा में ला दिया।

12 Nov 2026
न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में तीन मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, 2 लोगों की जान गई; 10 घायल

न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में तीन मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, 2 लोगों की जान गई; 10 घायल

निर्माण स्थल के पास तीन मंजिला इमारत का हिस्सा ढहने से दो लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हुए। मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है।

12 Nov 2026
ग्वालियर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, यूपी ATS ने संदिग्ध को पकड़ा; लैपटॉप में मिले कई ई-मेल

ग्वालियर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, यूपी ATS ने संदिग्ध को पकड़ा; लैपटॉप में मिले कई ई-मेल

संदिग्ध के लैपटॉप से ग्वालियर हाईकोर्ट समेत दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट और अमिताभ बच्चन के बंगले से जुड़े धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। जांच जारी है।

11 Nov 2026
CM विष्णुदेव साय ने भाई दूज पर दी प्रदेशवासियों को बधाई, भाई-बहन के रिश्ते को बताया अनमोल

CM विष्णुदेव साय ने भाई दूज पर दी प्रदेशवासियों को बधाई, भाई-बहन के रिश्ते को बताया अनमोल

सीएम साय ने भाई दूज को पारिवारिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने वाला पर्व बताते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

11 Nov 2026