मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में श्रमिकों पर कथित लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। 66 श्रमिकों के समर्थन में उनके परिजन, स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरई थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी को हटाने और आंदोलन के दौरान कथित रूप से मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों का आरोप है कि श्रमिक अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन पर बल प्रयोग किया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
नियमित ड्यूटी और मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर कर रहे थे प्रदर्शन
दरअसल, खनुआ तिराहा पेट्रोल पंप के पास परफेक्ट सिक्योरिटी एजेंसी के 66 श्रमिक अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। श्रमिकों की मांग थी कि उन्हें नियमित ड्यूटी दी जाए और मजदूरी भुगतान से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाए। इसी दौरान पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगा। इसके बाद श्रमिकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से शिकायत की और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ठोस निर्णय नहीं होने पर श्रमिकों और उनके परिजनों ने सरई थाने के सामने धरना शुरू कर दिया।
भाजपा मंडल अध्यक्षों की भूमिका पर भी उठाए सवाल
थाने का घेराव करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष केडी वैश्य और रामधनी यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि दोनों के कहने पर पुलिस ने आंदोलनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया। प्रदर्शनकारियों ने दोनों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सिक्योरिटी एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच और थाना प्रभारी को हटाने की मांग भी उठाई।
10 दिन में जांच रिपोर्ट, आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना
मामले में कलेक्टर ने श्रमिकों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि जांच में यदि श्रमिकों की गलती सामने आती है तो उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। एसडीओपी गायत्री तिवारी ने धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को बताया कि एडिशनल एसपी 10 दिनों के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट पेश करेंगे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पीड़ित श्रमिकों ने अपना धरना समाप्त किया। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर है।