मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शहडोल से ब्यौहारी जा रही दीपक बस सर्विस की यात्री बस ब्यौहारी थाना क्षेत्र के टिहकी मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में 30 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से छह की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ब्यौहारी पहुंचाया गया है।
अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई बस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस शहडोल से ब्यौहारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान टिहकी मोड़ के पास बस चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बस में बैठे लोग अपनी सीटों से उछल गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की गई। सभी घायलों को सिविल अस्पताल ब्यौहारी में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
ब्यौहारी थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि टिहकी मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से दीपक बस सर्विस की बस टकरा गई। हादसे में 30 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि बस चालक का वाहन से नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा। इस दुर्घटना ने एक बार फिर यात्री वाहनों की रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।