मध्यप्रदेश के सतना में हत्या के मामले में करीब 14 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए आरोपी का अनोखा अंदाज चर्चा में है। मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल की जेल से रिहाई के बाद उसके समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीते हुए बाइक रैली के साथ शहर की सड़कों पर निकला। जेल से सिद्धार्थ कॉलोनी स्थित घर तक निकाली गई रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपी और उसके साथियों के इस शक्ति प्रदर्शन को लेकर शहर में चर्चा तेज है।
जेल से घर तक निकाली बाइक रैली, बोनट पर बैठकर पी सिगरेट
आरोपी की रिहाई देर शाम हुई। जेल परिसर के बाहर पहले से मौजूद उसके साथियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद बोलेरो और बाइक के काफिले के साथ जश्न मनाते हुए वह बिड़ला रोड से सिद्धार्थ कॉलोनी पहुंचा। इस दौरान आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद गंभीर हत्या के मामले में आरोपी रहे व्यक्ति के इस तरह खुलेआम शक्ति प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं।
14 महीने पहले गोली मारकर की गई थी 16 वर्षीय सत्यम की हत्या
मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की हत्या के मामले में जेल में बंद था। घटना 4 सितंबर को कोलगवां थाना क्षेत्र के एफसीआई गोदाम के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, सूर्यप्रताप अपने दोस्त आदित्य के साथ चाय पीने के बाद बस स्टैंड जाने के लिए बाइक पर बैठ रहा था। इसी दौरान पुराने परिचित वेद मिश्रा, आयुष द्विवेदी उर्फ बेटू किंग, अर्पित तिवारी, सचिन पाल, बेटू सिंगरौल और सत्यम शुक्ला वहां पहुंचे। विवाद के दौरान गोली चलने से सत्यम के सीने में गोली लगी थी।
अस्पताल के गेट पर छोड़कर भागे थे आरोपी, रास्ते में हुई मौत
गोली लगने के बाद सत्यम जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय आरोपी बिरला हॉस्पिटल के गेट पर छोड़कर फरार हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सत्यम को रीवा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस मामले में मान सिंह अपने तीन अन्य साथियों के साथ करीब 14 महीने से जेल में बंद था। अब जमानत पर रिहाई के बाद वायरल वीडियो ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह शक्ति प्रदर्शन और यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।