इंदौर के डेली कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू हो गई है। बैठक में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सभी छह सह सरकार्यवाह सहित देशभर के करीब 408 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए हैं। 4 नवंबर तक चलने वाली इस बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ संगठन विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा
बैठक में पिछले एक साल के दौरान संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रमों और अभियानों के अनुभव साझा किए जाएंगे। संघ के मुताबिक, शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में 13 हजार से अधिक नई दैनिक शाखाएं शुरू हुई हैं। इसके अलावा 65 हजार से ज्यादा हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए। अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि बैठक में संघ के 11 क्षेत्र और 46 प्रांतों से संघचालक, सह संघचालक, कार्यवाह, सह कार्यवाह, प्रचारक और सह प्रचारक शामिल हुए हैं। अंतिम दिन विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी और आंकड़े साझा किए जाएंगे।
देशभर में 1 लाख से ज्यादा दैनिक शाखाएं
संघ की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में दैनिक शाखाओं की संख्या बढ़कर 1 लाख 1 हजार 151 हो गई है। साप्ताहिक और मासिक मिलन को शामिल करने पर संघ का काम 1 लाख 10 हजार 849 स्थानों तक पहुंच गया है। पिछले साल अक्टूबर की तुलना में शताब्दी वर्ष के दौरान 13 हजार से अधिक नई दैनिक शाखाएं जुड़ी हैं। बैठक में शाखाओं के विस्तार के साथ साप्ताहिक और मासिक मिलन की गतिविधियों को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी।
65 हजार से ज्यादा हिंदू सम्मेलन आयोजित
शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में 65 हजार 660 हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया गया। सुनील आंबेकर के मुताबिक, शहरों में बस्ती स्तर पर और ग्रामीण क्षेत्रों में आठ-दस गांवों को मिलाकर मंडल स्तर पर ये सम्मेलन हुए। कुछ स्थानों पर दो या तीन मंडलों को मिलाकर भी आयोजन किए गए। इन सम्मेलनों में मिले अनुभवों और समाज की भागीदारी की समीक्षा बैठक का प्रमुख हिस्सा होगी। संघ के मुताबिक, इन आयोजनों के बाद कई लोगों ने शाखाओं से जुड़ने की इच्छा जताई। सामाजिक संस्थाओं और संगठनों ने भी स्वयंसेवकों के अनुभवों का सहयोग लेने में रुचि दिखाई है।
महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा
शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी भी रही है। बैठक में इन अनुभवों के आधार पर महिलाओं को जोड़ने के लिए नए कार्यक्रमों और गतिविधियों पर विचार किया जाएगा।युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए शहरों, गांवों और कॉलेज कैंपस में कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं ने हिस्सा लिया। बैठक में इन प्रयासों को आगे बढ़ाने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की योजनाओं पर चर्चा होगी।
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान
संघ की पिछली बैठकों में नशीली दवाओं के बढ़ते चलन पर चिंता जताई गई थी। इस बार भी नशे की समस्या को बैठक के एजेंडे में शामिल किया गया है। सुनील आंबेकर ने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर प्रयास जरूरी हैं। युवाओं को नशीली दवाओं से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर विचार होगा। इसके लिए सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के माध्यम से काम करने की योजना बनाई जाएगी।
पंच परिवर्तन के पांच विषयों पर बनेगी कार्ययोजना
शताब्दी वर्ष के दौरान संघ ने पंच परिवर्तन के पांच विषय समाज के सामने रखे हैं। इनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली, कुटुंब प्रबोधन, स्व का भाव और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं। इन विषयों को समाज तक पहुंचाने के लिए गृह संपर्क अभियान, सम्मेलन और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। बैठक में इन अभियानों के अनुभवों की समीक्षा के साथ आगे की कार्ययोजना बनाई जाएगी। विभिन्न प्रांतों के पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में हुए कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी देंगे।
भागवत के विदेश प्रवास के अनुभव भी होंगे साझा
बैठक में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के विदेश प्रवास और वहां मिले अनुभवों पर भी चर्चा होगी। शताब्दी वर्ष के दौरान अगस्त और सितंबर में भागवत अमेरिका, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम गए थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सम्मेलनों में विचार रखे और वहां के प्रमुख लोगों से संवाद किया। सुनील आंबेकर के मुताबिक, भागवत ने विदेश में हिंदुत्व की अवधारणा और भारत की उस दृष्टि को सामने रखा, जिसमें दुनिया के सभी लोग एक साथ सुखपूर्वक रह सकें। भारत की शक्ति बढ़ने का उद्देश्य दुनिया का कल्याण होना चाहिए, इस विचार को भी प्रमुखता से रखा गया।
बोले- आंदोलन देशहित में होना चाहिए
जेन-जी के आंदोलन से जुड़े सवाल पर सुनील आंबेकर ने कहा कि देश में कोई आवाज उठाता है तो संघ को पक्ष-विपक्ष के नजरिए से क्यों देखा जाता है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को ध्यान रखना चाहिए कि आंदोलन देशहित में हो और इस मामले में सतर्कता बरती जाए। बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर जन-जागरण को लेकर भी चर्चा होगी। संघ के मुताबिक, समाज के सभी वर्गों तक तथ्यात्मक जानकारी सही परिप्रेक्ष्य में पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।