भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी केयरटेकर वरुण वाल्मीकि ने बताया कि वह अधिकारी के घर से 10 से 20 लाख रुपए लूटने के इरादे से नौकरी करने पहुंचा था। लेकिन वारदात वाली रात दवाई देने में देरी को लेकर राकेश अग्रवाल ने उसे गालियां दीं और घर से निकल जाने को कहा। यह बात उसे इतनी चुभी कि उसने करीब दो घंटे बाद धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया। हत्या 30 सितंबर की रात हुई थी। इसके बाद आरोपी सुबह 4:12 बजे केरल एक्सप्रेस से भोपाल से फरार हो गया।
चार राज्यों में तलाश के बाद आगरा से गिरफ्तारी
हत्या के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। भोपाल पुलिस ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में उसकी तलाश की। सोमवार को पुलिस ने उसे आगरा के मथुरा रोड से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार सुबह उसने पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी कर भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
नेम प्लेट देखकर लगाया था 20 लाख रुपए मिलने का अंदाजा
पुलिस के मुताबिक, वरुण ने राकेश अग्रवाल के घर के बाहर लगी नेम प्लेट देखकर नौकरी करने का फैसला किया था। उसे लगा कि रिटायर्ड IAS अधिकारी के घर में बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती सामान मिल सकता है। इसी उम्मीद में वह केयरटेकर बना था। उसने घर से 10 से 20 लाख रुपए मिलने का अनुमान लगाया था, लेकिन उसे उम्मीद के मुताबिक सामान नहीं मिला।
दवाई में देरी पर मिली डांट, दो घंटे बाद की हत्या
पूछताछ में वरुण ने बताया कि राकेश अग्रवाल उसे अक्सर गालियां देते थे। वारदात वाली रात करीब 12 बजे दवाई देने में देरी होने पर उन्होंने उसे फटकार लगाई और घर से चले जाने को कहा। इसके बाद उनकी पत्नी ने उन्हें नींद की दवा देकर सुला दिया। करीब दो घंटे बाद वरुण ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया।
गैस सिलेंडर का पाइप खोला, प्रेस भी छोड़ दी चालू
हत्या से पहले आरोपी ने घर में गैस सिलेंडर का पाइप खोल दिया था। साथ ही कपड़ों पर प्रेस रखकर उसका स्विच चालू छोड़ दिया था। राकेश अग्रवाल की पत्नी की नींद खुलने पर उन्होंने सबसे पहले प्रेस बंद की और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में वरुण ने बताया कि उसने गुस्से में गैस सिलेंडर खोला था। उसने यह भी दावा किया कि उसे इस घटना से लोकप्रियता मिलने की उम्मीद थी।
फुटपाथ पर गुजारी रातें, कबाड़ बेचकर किया गुजारा
हत्या के बाद आरोपी ग्वालियर से आगरा, मथुरा, वृंदावन और दिल्ली पहुंचा। इसके बाद वह हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल और मनाली तक गया। फरारी के दौरान वह बस, ट्रेन और ट्रकों से सफर करता रहा। पेट भरने के लिए कबाड़ और प्लास्टिक की बोतलें इकट्ठा कर बेचता था। रात में फुटपाथ पर सोता था और किसी एक जगह ज्यादा समय नहीं रुकता था।
सब्जीवाला और रिक्शाचालक बनकर पुलिस ने की तलाश
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए भोपाल पुलिस ने आगरा में चार दिन तक अंडरकवर ऑपरेशन चलाया। पुलिसकर्मी सब्जी बेचने और रिक्शा चलाने वाले बनकर झुग्गी बस्तियों में निगरानी करते रहे। रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा के मुताबिक, पुलिस की लगातार आवाजाही से लोगों को शक होने लगा था। इसके बाद टीम ने पहचान छिपाकर आरोपी की तलाश की। आखिरकार उसे आगरा में पकड़ लिया गया।
पुराने रोजगार और महिला मित्र के संपर्कों की जांच
पुलिस जांच में सामने आया कि वरुण ने जून 2026 में जयपुर की रूही हेल्थ केयर सर्विस के जरिए केयरटेकर की नौकरी की थी, लेकिन व्यवहार संबंधी शिकायतों के बाद उसे हटा दिया गया था। अगस्त 2026 में ग्वालियर की सार्थ होम नर्सिंग केयर एजेंसी में काम के दौरान उस पर मोबाइल चोरी का आरोप भी लगा था। पुलिस उसकी महिला मित्र सोनम और पुराने परिचितों के संपर्कों की जांच कर रही है। हालांकि, सोनम की किसी आपराधिक भूमिका की अब तक पुष्टि नहीं हुई है।
10 पुलिस टीमों ने चार राज्यों में चलाया अभियान
आरोपी को पकड़ने के लिए भोपाल पुलिस ने 10 टीमें बनाई थीं। इनमें रातीबड़, शाहपुरा, ऐशबाग थाने और क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशालाओं, मंदिरों और रैन बसेरों के CCTV फुटेज खंगाले। गिरफ्तारी में देरी के बाद पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने SIT गठित की थी, जिसकी कमान AIG उमेश तिवारी को सौंपी गई थी।
IAS एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से की थी मुलाकात
रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद आरोपी की गिरफ्तारी में देरी को लेकर IAS एसोसिएशन ने नाराजगी जताई थी। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने पहले मुख्य सचिव और फिर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी और पुलिस एनकाउंटर के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।