भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी वरुण कुमार का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है। पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसे उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार कर भोपाल ला रही थी।
मुगलिया छाप के पास भागने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वरुण कुमार को आगरा से गिरफ्तार करने के बाद भोपाल लाया जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे मुगलिया छाप के पास आरोपी ने पुलिस टीम के साथ झूमाझटकी की और भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी के नहीं रुकने पर पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम उसे उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसे भर्ती कराया गया है।
30 सितंबर को हुई थी रिटायर्ड IAS की हत्या

गौरतलब है कि 30 सितंबर की रात भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरज नगर में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या कर दी गई थी। वह अपनी पत्नी के साथ रहते थे। उनकी गला रेतकर हत्या की गई थी। बताया जा रहा है कि वारदात से दो दिन पहले ही उन्होंने घर पर वरुण कुमार नाम के केयरटेकर को काम पर रखा था। हत्या के बाद से वरुण फरार था और पुलिस उसे मुख्य आरोपी मानकर तलाश कर रही थी।
मोबाइल से पुलिस को देता रहा चकमा

पुलिस के अनुसार, आरोपी वरुण कुमार अपने साथ राकेश अग्रवाल का मोबाइल फोन भी ले गया था। वह मोबाइल को बार-बार ऑन और ऑफ कर पुलिस को चकमा दे रहा था। फिलहाल आरोपी का हमीदिया अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।