मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान उस समय बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी का नामांकन पत्र जांच के बाद खारिज कर दिया गया। नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बीजेपी प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर भी आपत्ति दर्ज कराई है। इस घटनाक्रम ने राज्यसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल और गर्म कर दिया है।
फॉर्म-26 की जानकारी अधूरी मिलने पर कार्रवाई
निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी के नामांकन पत्र की जांच के दौरान कई कमियां सामने आईं। उनका फॉर्म अधूरा पाया गया और फॉर्म-26 में अनिवार्य जानकारी नहीं दी गई थी। निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत दस्तावेजों में जरूरी जानकारी नहीं होने के कारण उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया। गौरतलब है कि कांग्रेस ने इस चुनाव में राजकुमार लोहानी को समर्थन देने का ऐलान किया था। ऐसे में उनका नामांकन खारिज होना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
जीतू पटवारी के बंगले पर नेताओं और वकीलों की बैठक
नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस ने तत्काल रणनीति बनानी शुरू कर दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बंगले पर वरिष्ठ नेताओं और वकीलों की मैराथन बैठक हुई। इसमें उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, विधायक पीसी शर्मा, विवेक त्रिपाठी, आतिफ अकील और जेपी धनोपिया सहित कई नेता शामिल हुए। बैठक में नामांकन निरस्त होने के कानूनी पहलुओं पर चर्चा की गई। इसके बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल विधानसभा पहुंचा और रिटर्निंग अधिकारी के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने नामांकन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी उम्मीदवार के फॉर्म में छोटी-मोटी त्रुटि है, तो उसे सुधार का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर भी आपत्ति जताई। कटारे का आरोप है कि पुरी के नामांकन में संपत्ति से जुड़ी जानकारी सही तरीके से नहीं दी गई है। कांग्रेस ने मांग की है कि उनके नामांकन की भी नियमों के अनुसार जांच की जाए।
राज्यसभा चुनाव में बढ़ा सियासी तनाव
राजकुमार लोहानी का नामांकन खारिज होने और हरदीप सिंह पुरी के फॉर्म पर कांग्रेस की आपत्ति के बाद राज्यसभा उपचुनाव का मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों और दर्ज कराई गई आपत्ति पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है। अब सबकी नजर निर्वाचन अधिकारियों के फैसले पर टिकी है।