बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई। हादसे में मरने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि पांचों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार की तरफ घूमने निकले थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर कुत्ता आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई।
दो सगे भाइयों समेत तीन की गई जान, दो गंभीर
हादसा हरनौत थाना क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान सबनहुआडीह गांव निवासी 19 वर्षीय गौतम कुमार और हरनौत आदर्शनगर निवासी 15 वर्षीय अभिमन्यु उर्फ मनु और 13 वर्षीय अनीश कुमार के रूप में हुई है। अभिमन्यु और अनीश सगे भाई थे। दोनों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, हादसे में घायल 14 वर्षीय अमित कुमार और रवि कुमार का बिहार शरीफ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कुत्ते को बचाने में बिगड़ा बाइक का संतुलन
हादसे में घायल अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात पांचों दोस्त एक ही बाइक से बाजार की तरफ घूमने निकले थे। बाइक गौतम चला रहा था। जब वे पिलर नंबर 51 के पास पहुंचे, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के लिए गौतम ने बाइक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण बाइक पर नियंत्रण नहीं रह सका। इसके बाद बाइक सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद पांचों दोस्त सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे में सभी के सिर में गंभीर चोटें आईं।
पटाखे जलाने के बाद घूमने निकले थे पांचों दोस्त
मृतक गौतम के भतीजे गुड्डू के मुताबिक, मंगलवार रात सभी लोग घर के पास पटाखे जला रहे थे। इसके बाद करीब 10 बजे गौतम अपने दोस्तों के साथ बाइक लेकर घूमने निकल गया। करीब आधे घंटे बाद परिवार को बाइक हादसे की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने गौतम और अभिमन्यु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनीश, अमित और रवि को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान अनीश ने भी दम तोड़ दिया।
एक ही दुकान से जुड़ी थी तीनों की दोस्ती
अभिमन्यु और अनीश के पिता हरनौत बाजार में किराना दुकान चलाते हैं। गौतम भी इसी दुकान पर काम करता था। इसी वजह से तीनों के बीच अच्छी जान-पहचान थी और वे अक्सर साथ रहते थे। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन दोस्तों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है। त्योहार से पहले हुई इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने शुरू की मामले की जांच हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।