नागौर बारूद गोदाम धमाके में दो भाइयों की मौत

राजस्थान के नागौर में बारूद बनाते समय भीषण ब्लास्ट, 2 सगे भाइयों की गई जान; गुस्साए लोगों ने किया पथराव

नागौर के बड़ली इलाके में बारूद गोदाम में धमाके से दो भाइयों की मौत हो गई। अवैध विस्फोटक निर्माण की आशंका के बीच पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया।

By : शिवम् पांडेय
राजस्थान के नागौर में बारूद बनाते समय भीषण ब्लास्ट, 2 सगे भाइयों की गई जान; गुस्साए लोगों ने किया पथराव

राजस्थान के नागौर में गुरुवार सुबह बारूद के गोदाम में हुए जोरदार धमाके से दो भाइयों की जान चली गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शरीर के कई टुकड़े हो गए। घटना के बाद गोदाम के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब डेढ़ घंटे बाद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की तो पथराव होने लगा। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को वहां से खदेड़ दिया। हादसा नागौर के बड़ली इलाके में सुबह करीब 9:40 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गोदाम में अवैध तरीके से पोटेशियम नाइट्रेट मिलाकर बारूद बनाया जाता था। धमाके की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।

धमाके में दो भाइयों की गई जान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद आमिर सौरगर और उनके 32 वर्षीय चचेरे भाई मुजिद सौरगर के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गोदाम का मालिक मोहम्मद अमीन (50) है। धमाके के बाद गोदाम में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दोनों भाइयों के शरीर के कई टुकड़े हो गए। पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

गोदाम के बाहर हंगामा, पथराव के बाद लाठीचार्ज

घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद गोदाम के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को हटाने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को मौके से हटाया। जानकारी के मुताबिक, इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके को खाली करा दिया है, जबकि गोदाम के अंदर अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों की टीमें जांच कर रही हैं।

FSL टीम ने लिए केमिकल और पोटेशियम नाइट्रेट के सैंपल

धमाके के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने गोदाम से अलग-अलग केमिकल और पोटेशियम नाइट्रेट के सैंपल जुटाए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम में शरीर के बाकी हिस्सों की तलाश भी की गई। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमाका किन परिस्थितियों में हुआ और वहां किस तरह का विस्फोटक तैयार किया जा रहा था।

शॉर्ट सर्किट से धमाके की आशंका

नागौर के CO जतिन जैन के मुताबिक, फैक्ट्री के खुले आंगन में बिजली का पोल भी मौजूद है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण धमाका होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, धमाके की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।

जयपुर में भी अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुआ था ब्लास्ट

राजस्थान में अवैध विस्फोटक और पटाखा फैक्ट्रियों से जुड़े हादसों का यह पहला मामला नहीं है। करीब पांच महीने पहले जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट और आग लगने से आठ लोगों की जान चली गई थी। मृतकों में दो भाई भी शामिल थे। बताया गया था कि फैक्ट्री खोह नागोरियान थाने से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर संचालित हो रही थी। नागौर की घटना के बाद एक बार फिर अवैध विस्फोटक निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और धमाके की वजह का पता लगाया जा रहा है।

संबंधित सामग्री

दिवाली पर परिवार के साथ जयपुर की सड़कों पर निकले CM भजनलाल शर्मा, बच्चों को बांटी चॉकलेट

दिवाली पर परिवार के साथ जयपुर की सड़कों पर निकले CM भजनलाल शर्मा, बच्चों को बांटी चॉकलेट

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेरी गेट से न्यू गेट तक पैदल भ्रमण किया, बच्चों को चॉकलेट बांटी और दुकानदारों व आम लोगों से मुलाकात की।

09 Nov 2026
दिवाली पर BJP कार्यालय पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, विधि-विधान से की मां लक्ष्मी की पूजा; प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं

दिवाली पर BJP कार्यालय पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, विधि-विधान से की मां लक्ष्मी की पूजा; प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिवाली पर लक्ष्मी पूजा कर राजस्थान की सुख-समृद्धि की कामना की और लोगों से स्थानीय व्यापारियों व स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।

08 Nov 2026
 हर घर रोशन हो, हर मन में सद्भाव हो... CM भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को दिया खास संदेश

हर घर रोशन हो, हर मन में सद्भाव हो... CM भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को दिया खास संदेश

मुख्यमंत्री ने दीपावली को सत्य और धर्म की जीत का प्रतीक बताया। उन्होंने मिट्टी के दीपक, ग्रीन पटाखे और स्थानीय कारीगरों के उत्पाद अपनाने की अपील की।

07 Nov 2026
राजस्थान में 125 GW रिन्यूएबल एनर्जी का लक्ष्य, CM भजनलाल ने निवेशकों को दिया न्योता

राजस्थान में 125 GW रिन्यूएबल एनर्जी का लक्ष्य, CM भजनलाल ने निवेशकों को दिया न्योता

राजस्थान में सौर, पवन, हाइब्रिड और स्टोरेज परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। राज्य में पहले से 51 हजार MW से अधिक नवीकरणीय क्षमता स्थापित है।

06 Nov 2026
CM भजनलाल शर्मा से मिले केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान के विकास कार्यों पर हुई अहम चर्चा

CM भजनलाल शर्मा से मिले केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान के विकास कार्यों पर हुई अहम चर्चा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से जयपुर में मुलाकात कर राजस्थान की विकास परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं पर चर्चा की।

05 Nov 2026