मध्य प्रदेश में दिवाली से पहले सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। प्रदेश के एक लाख से ज्यादा सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। बुधवार को भोपाल समेत कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही। गुरुवार को भी डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन बंद रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। घरों से कचरा उठाने वाली गाड़ियां भी नहीं पहुंचेंगी।
सिरोंज में विधायक ने उठाया झाड़ू, दो घंटे की सफाई
विदिशा जिले के सिरोंज में सफाईकर्मियों की हड़ताल का असर सड़कों पर दिखाई देने लगा है। जगह-जगह कचरा फैलने से लोगों को परेशानी होने लगी। ऐसे में भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा खुद सड़क पर उतर आए। उन्होंने बुधवार रात करीब दो घंटे तक झाड़ू लगाकर सफाई की। विधायक के इस कदम की चर्चा हो रही है।
भोपाल में 400 से ज्यादा कचरा गाड़ियां खड़ी
राजधानी भोपाल में 10 हजार से ज्यादा सफाईकर्मी हड़ताल में शामिल हैं। इसका असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ा है। कचरा कलेक्शन में लगी 400 से ज्यादा गाड़ियां गार्बेज स्टेशनों पर खड़ी हैं। न्यू मार्केट समेत कई बाजारों में व्यापारियों ने वॉलिंटियर्स की मदद से सफाई कराई। व्यापारियों ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से समाधान निकालने की अपील की है।
रोज निकलता है 850 टन कचरा, व्यवस्था प्रभावित
भोपाल में रोजाना करीब 850 टन कचरा निकलता है। डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए 400 से ज्यादा गाड़ियां तैनात हैं, जो रोज दो से तीन चक्कर लगाती हैं। शहर के 17 गार्बेज स्टेशनों से कचरा कैप्सूल टैंकरों के जरिए आदमपुर छावनी पहुंचाया जाता है। हड़ताल के कारण कचरा उठाने से लेकर उसके निस्तारण तक की व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
चार मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल
अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन (7262) के प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट के मुताबिक, प्रदेश के 16 नगरीय निकायों और 374 नगर परिषदों के एक लाख से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। यूनियन पदाधिकारियों ने नगरीय प्रशासन विभाग के ACS संजय दुबे से मुलाकात भी की, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। संगठन ने स्पष्ट किया है कि चारों मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
जहांगीराबाद में किया था चक्काजाम, शाहजहांनी पार्क में धरना
हड़ताल से पहले मंगलवार को सफाईकर्मियों ने भोपाल के जहांगीराबाद चौराहे पर प्रदर्शन कर चक्काजाम किया था। कर्मचारी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन उनके मुताबिक कोई जिम्मेदार अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा। इसके बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने की योजना बनाई। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। करीब दो घंटे बाद चक्काजाम खत्म हुआ, लेकिन कर्मचारियों का शाहजहांनी पार्क में धरना जारी रहा। संगठन का कहना है कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं मिला है।