भोपाल। मध्यप्रदेश में सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मचारी वर्ग की लंबित मांगों को लेकर 3 नवंबर को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में कर्मचारी धरना देकर अपनी मांगों को सरकार के सामने रखेंगे। अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन (7262) के बैनर तले होने वाले इस आंदोलन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 8 से 10 हजार कर्मचारियों के शामिल होने का अनुमान है।
कचरा गाड़ियों से कराया गया प्रदर्शन का अनाउंसमेंट
प्रदर्शन को लेकर सोमवार को भोपाल में सरकारी कचरा गाड़ियों पर लगे लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कराया गया। इस प्रचार को लेकर नगर निगम अधिकारियों तक शिकायत पहुंची है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी यूनियन के आंदोलन का प्रचार सरकारी कचरा गाड़ियों के माध्यम से किए जाने पर आपत्ति जताई गई है। इस मामले में निगम स्तर पर शिकायत की जानकारी सामने आई है।
वेतन बढ़ाने और स्थायी करने की प्रमुख मांग
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, नियमितीकरण और अन्य लंबित मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसी वजह से अब प्रदेशव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
मांगें नहीं मानीं तो 4 नवंबर से हड़ताल
प्रदेश अध्यक्ष झांझोट ने चेतावनी दी है कि 3 नवंबर को होने वाले धरना प्रदर्शन में यदि सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 4 नवंबर से प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अब अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं।
सरकार से जल्द समाधान करने की अपील
झांझोट ने बताया कि पहले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात की कोशिश की गई थी, लेकिन प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं हो सकी। हालांकि, संबंधित स्तर से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और कार्रवाई का आश्वासन मिला था। यूनियन अब सरकार के निर्णय का इंतजार करेगी। मांगों का समाधान नहीं होने पर कर्मचारी कचरा उठाने और सफाई व्यवस्था से जुड़े काम बंद कर आंदोलन तेज कर सकते हैं। इससे प्रदेश के नगरीय निकायों की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।