भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के सामने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भोपाल के राजकुमार लोहानी ने नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस ने लोहानी को समर्थन देने का फैसला किया है। कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे उनके प्रस्तावक बने हैं।
नामांकन के दौरान कांग्रेस नेता रहे मौजूद
राजकुमार लोहानी ने विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर के सामने अपना नामांकन जमा किया। इस दौरान विधायक हेमंत कटारे, आतिफ अकील, अभिजीत शाह, सुरेंद्र सिंह हनी बघेल और कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी मौजूद रहे। लोहानी भोपाल के पुराने शहर के घोड़ा नक्कास इलाके के निवासी हैं। वे हायर सेकेंडरी तक पढ़े हैं और मोबाइल एसेसरीज की दुकान चलाते हैं।
भाजपा ने हरदीप सिंह पुरी को बनाया उम्मीदवार
भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। विधानसभा में भाजपा के पास संख्याबल अधिक होने के कारण उसकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है। वहीं, कांग्रेस के पास अपने दम पर जीत के लिए जरूरी विधायक संख्या नहीं है। ऐसे में पार्टी ने निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देकर चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
एपस्टीन फाइल विवाद को लेकर कांग्रेस का विरोध
कांग्रेस केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम एपस्टीन फाइल से जुड़े विवाद में सामने आने को लेकर लगातार सवाल उठा रही है। इसी मुद्दे पर पार्टी भाजपा और केंद्र सरकार को घेर रही है। निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देने के फैसले को भी इसी राजनीतिक विरोध के बीच देखा जा रहा है।
विधानसभा के संख्याबल से तय होगा चुनावी गणित
मध्यप्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में सामान्य परिस्थितियों में राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 116 मतों का कोटा जरूरी होता है। हालांकि, कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले पाने के कारण चुनावी गणित 229 विधायकों के आधार पर तय होने की बात कही जा रही है।
निर्मला सप्रे के वोट पर भी नजर
इस चुनाव में बीना से विधायक निर्मला सप्रे की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वे आधिकारिक तौर पर खुद को कांग्रेस में बताती हैं, लेकिन भाजपा के कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता भी देखी गई है। दलबदल से जुड़े मामले के चलते उनके मतदान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में अंतिम चुनावी गणित मतदान के समय ही साफ हो सकेगा।