उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-28 पर ट्रेलर और मारुति ईको वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिता और उनके दो बेटों समेत 6 लोगों की जान चली गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग एक रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे।हादसा रात करीब 11:30 बजे हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरूआडीह गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार सभी 8 लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद सड़क पर वाहन के टूटे हुए हिस्से बिखर गए और ट्रेलर का केबिन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
गैस कटर से काटकर निकाले गए लोग
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वैन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद से गेट काटे गए। पुलिस ने सभी को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, जान गंवाने वाले 6 लोगों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए। मृतकों की पहचान रामबिलास गुप्ता (65), उनके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद गुप्ता (40), छोटे बेटे राम मिलन गुप्ता (35), पड़ोसी मृदुल मिश्रा (37), भतीजे रंजय गुप्ता (35) और वैन चालक मिथलेश गुप्ता (22) के रूप में हुई है।
तिलक समारोह से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, सभी लोग कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित भलूही गांव के रहने वाले थे। रामबिलास गुप्ता अपने दोनों बेटों और राम मिलन के दो बच्चों के साथ रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। इसके लिए गांव के ही मिथलेश गुप्ता की ईको वैन बुक की गई थी। कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद ने अपने पड़ोसी मृदुल मिश्रा और भतीजे रंजय गुप्ता को भी साथ ले लिया। इस तरह वैन में कुल 8 लोग सवार थे। रात में सभी लोग वापस भलूही गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाटा कोतवाली क्षेत्र में उनकी वैन सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क किनारे उतर गया, जबकि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
छुट्टी पर घर आए थे CRPF जवान रंजय
हादसे में जान गंवाने वाले रंजय गुप्ता CRPF में तैनात थे। उनकी पोस्टिंग छत्तीसगढ़ में थी और वह दशहरे की छुट्टी पर घर आए हुए थे। उन्हें 5 नवंबर को वापस ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं। वहीं, मृदुल मिश्रा खेती-किसानी करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। ईको वैन चालक मिथलेश गुप्ता अविवाहित थे। वह चौराहे पर चाउमीन और बर्गर का ठेला लगाते थे। इसके अलावा बुकिंग मिलने पर अपनी ईको वैन भी चलाते थे। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। वहीं, घायल दोनों बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है।