भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अलावा तेलंगाना के कांते सयन्ना भी अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी में हैं। सयन्ना का दावा है कि वे अब तक 50 से ज्यादा चुनावों में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। लोकसभा, विधानसभा, विधान परिषद, राज्यसभा और यहां तक कि उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में भी वे दावेदारी कर चुके हैं। अब उनकी नजर मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट पर है।
5 लोकसभा और 8 विधानसभा चुनाव लड़ने का दावा
तेलंगाना के हैदराबाद से भोपाल पहुंचे कांते सयन्ना ने विधानसभा से राज्यसभा चुनाव का नामांकन फॉर्म लिया है। बातचीत में उन्होंने बताया कि वे अब तक पांच बार लोकसभा और आठ बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा छह बार विधान परिषद और 10 से 12 बार राज्यसभा चुनाव में भी प्रयास कर चुके हैं। उनका कहना है कि वे किसी एक राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं और चुनाव लड़ने का खर्च खुद उठाते हैं।
नामांकन के लिए 10 विधायकों के हस्ताक्षर जरूरी
निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा चुनाव लड़ने के लिए सयन्ना के सामने सबसे बड़ी चुनौती 10 विधायकों के प्रस्तावकों के हस्ताक्षर जुटाना है। उन्होंने बताया कि वे अपने जरूरी दस्तावेज और शपथ-पत्र लेकर भोपाल आए हैं, लेकिन अभी तक सभी प्रस्तावकों का समर्थन नहीं मिल पाया है। उनका आरोप है कि कुछ विधायक हस्ताक्षर करने से बच रहे हैं, क्योंकि उन्हें राजनीतिक मुश्किलों का डर है। हालांकि, कुछ विधायकों ने समर्थन देने की बात कही है।
तेलंगाना में भी आजमा चुके हैं किस्मत
कांते सयन्ना ने बताया कि इसी साल मार्च में तेलंगाना की दो राज्यसभा सीटों के चुनाव में भी उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। हालांकि, प्रस्तावकों के जरूरी हस्ताक्षर नहीं मिलने के कारण उनकी उम्मीदवारी पर संकट खड़ा हो गया था। मध्यप्रदेश में भी उन्हें इसी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वे सोमवार तक हस्ताक्षर जुटाकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश करेंगे।
2018 में केसीआर के खिलाफ चुनाव लड़ने का दावा
सयन्ना ने 2018 के तेलंगाना विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन्होंने उस चुनाव में केसीआर के खिलाफ मैदान में उतरकर तीसरा स्थान हासिल किया था। उनके मुताबिक, केसीआर पहले और वंटेरू प्रताप रेड्डी दूसरे स्थान पर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे अलग-अलग राज्यों में भी लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उनका चुनाव प्रचार और खर्च भी अपने स्तर पर ही होता है।
पार्टी व्यवस्था में बदलाव चाहते हैं सयन्ना
कांते सयन्ना का कहना है कि देश की राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव होना चाहिए। उनके मुताबिक, वर्तमान व्यवस्था में राजनीतिक दलों के बी-फॉर्म और पार्टी का प्रभाव अधिक है, जबकि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होना चाहिए। वे पार्टी पर निर्भर राजनीति के बजाय स्वतंत्र राजनीतिक व्यवस्था विकसित करने की बात करते हैं। उनका दावा है कि इस विषय पर उन्होंने काफी अध्ययन और लेखन किया है। उन्हें उम्मीद है कि एक दिन जनता उनकी बात समझेगी और राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव आएगा।