मध्य प्रदेश पुलिस महकमे से बड़ी खबर सामने आई है। 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे हाल ही में सागर जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात थे। चार दिन पहले ही राज्य सरकार ने उन्हें सागर एसपी की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) के पद पर पदस्थ किया था। इसके बाद सोमवार को उन्होंने अपना इस्तीफा सरकार को सौंप दिया। इस्तीफे में उन्होंने नौकरी छोड़ने की वजह व्यक्तिगत बताई है। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
छह महीने पहले संभाली थी सागर एसपी की जिम्मेदारी
अनुराग सुजानिया मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। करीब छह महीने पहले उन्हें सागर जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया था। सागर में पदस्थापना से पहले वे भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में एआईजी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। हालांकि, हाल ही में सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उन्हें सागर एसपी के पद से हटाकर दोबारा पुलिस मुख्यालय में एआईजी की जिम्मेदारी सौंप दी थी। इस तबादले के महज चार दिन बाद उनका इस्तीफा सामने आया है।
करैरा SDOP से मुरैना और मंदसौर SP तक का सफर
अनुराग सुजानिया अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। वे करैरा में एसडीओपी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा मंदसौर और मुरैना जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। उनके इस्तीफे के बाद अब उनके आगे के फैसले और सरकार की प्रतिक्रिया पर नजर बनी हुई है।
आज शाम PHQ पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
इस घटनाक्रम के बीच राज्य सरकार भी सक्रिय नजर आ रही है। मुख्यमंत्री आज शाम भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) पहुंचकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। हालांकि, बैठक के एजेंडे और IPS अधिकारी के इस्तीफे से इसके सीधे संबंध को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल अनुराग सुजानिया के इस्तीफे ने मध्य प्रदेश के पुलिस प्रशासन में हलचल बढ़ा दी है।