भोपाल में IDBI बैंक के निजीकरण के विरोध में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रही। देशव्यापी हड़ताल के तहत मध्य प्रदेश के बैंककर्मी भी आंदोलन में शामिल हुए। भोपाल के एमपी नगर में कर्मचारियों ने कामकाज बंद रखकर रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि IDBI बैंक का निजीकरण नहीं किया जाए और इसके सार्वजनिक क्षेत्र के स्वरूप को बरकरार रखा जाए। बैंककर्मियों की हड़ताल के चलते बैंक से जुड़े कामकाज प्रभावित हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि निजीकरण का फैसला बैंक और आम जनता दोनों के हितों के खिलाफ है।
बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन, रैली के बाद हुई सभा
हड़ताल के दूसरे दिन बैंक अधिकारी और कर्मचारी एमपी नगर स्थित बोर्ड ऑफिस चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां उन्होंने प्रदर्शन किया। इसके बाद कर्मचारियों ने रैली निकाली और सभा आयोजित की। इस आंदोलन को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस का भी समर्थन मिला। सभा में IDBI बैंक की ट्रेड यूनियनों और विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने निजीकरण के संभावित प्रभावों पर अपनी बात रखी और सरकार से इस प्रक्रिया को रोकने की मांग की।
कई बैंक यूनियन पदाधिकारियों ने किया संबोधित
सभा को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस और IDBI बैंक की ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारियों वीके शर्मा, दीपक रत्न शर्मा, विकास सिंह, नागेश पांचाल, आकांक्षा गुप्ता, गुणशेखरण, भगवान स्वरूप कुशवाहा, एमएस जयशंकर, जेपी दुबे, सत्येंद्र चौरसिया, श्रीपाद घोटनकर, एसके गुप्ता और अनंत खरे सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
यूनियन बोली- सार्वजनिक निवेश की रक्षा जरूरी
यूनियन के पदाधिकारी वीके शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक धन और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के निवेश से पुनर्जीवित किए गए IDBI बैंक का निजीकरण जनहित के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि बैंक की परिसंपत्तियों और उसमें किए गए सार्वजनिक निवेश की रक्षा करना जरूरी है। संगठन ने केंद्र सरकार से निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल रद्द करने और बैंक के सार्वजनिक क्षेत्र के स्वरूप को बनाए रखने की मांग की।
मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा तेज
यूनाइटेड फोरम ऑफ IDBI ऑफिसर्स एंड एम्प्लॉइज के प्रवक्ता अनिल परमार ने बताया कि बैंककर्मी दो दिन की हड़ताल पर हैं। इस दौरान रैली और सभा के माध्यम से विरोध दर्ज कराया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने निजीकरण के फैसले के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने की बात कही।