इंदौर। मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। कथित आतंकी संगठन के नाम से भेजे गए एक धमकी भरे ई-मेल में कार्यक्रम के दौरान आईईडी विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। इस ई-मेल में इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया ई-मेल
जानकारी के मुताबिक, यह ई-मेल 'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' के नाम से भेजा गया है। इसमें कुछ लोगों के नाम और पहचान का उल्लेख किया गया है। ई-मेल में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में आईईडी ब्लास्ट करने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, ई-मेल में किए गए दावों और भेजने वालों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
15 नवंबर को सी-21 मैदान में होना है कार्यक्रम
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने म्यूजिक टूर पर हैं। दिल्ली में कार्यक्रम के बाद अब 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मैदान में उनका कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। इससे पहले भी इस कार्यक्रम को लेकर धमकियां मिलने की जानकारी सामने आई थी। ताजा ई-मेल के बाद आयोजन स्थल और कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इंदौर के तीन स्कूलों को भी मिले धमकी भरे ई-मेल
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, इंदौर के तीन स्कूलों को भी सोमवार सुबह धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। इनमें अभिभावकों को चेतावनी दी गई है कि वे 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत के कार्यक्रम में अपने बच्चों को न भेजें, क्योंकि वहां बम धमाके किए जा सकते हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने स्कूलों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है।
अमिताभ बच्चन के पैर छूने को लेकर विवाद का दावा
धमकी के पीछे की वजह को लेकर सामने आई जानकारी में अमेरिका स्थित संगठन सिख फॉर जस्टिस के गुरपतवंत सिंह पन्नू का नाम भी चर्चा में है। बताया गया है कि दिलजीत द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान अमिताभ बच्चन के पैर छूने को लेकर आपत्ति जताई गई थी। संगठन की ओर से इसे 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों की भावनाओं से जोड़कर देखा गया। हालांकि, धमकी भरे ई-मेल का इस विवाद से सीधा संबंध जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
ऋषिकेश में गंगा दर्शन करते नजर आए दिलजीत
एक ओर इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर धमकी भरे ई-मेल सामने आए हैं, वहीं दूसरी ओर दिलजीत दोसांझ रविवार को ऋषिकेश में नजर आए। उन्होंने मां गंगा का आचमन कर आशीर्वाद लिया और वशिष्ठ गुफा में भी समय बिताया। इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर रितु तावड़े के कार्यालय में भी दिलजीत को लेकर आत्मघाती हमले की धमकी वाला ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई थी। फिलहाल इंदौर पुलिस सभी धमकी भरे ई-मेल की जांच कर रही है।