धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के धरमपुरी स्थित आदिम जाति जूनियर कन्या छात्रावास में रविवार को मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला बाल विकास अधिकारी राजकुमारी ठाकुर अपने पति सचिन कर्मा के साथ छात्रावास पहुंचीं और अधीक्षिका कला चौहान के साथ मारपीट की।
इस दौरान उनके बाल खींचे गए और गला पकड़कर हमला किया गया। अधीक्षिका को बचाने आई छात्राओं के साथ भी मारपीट का आरोप है। इतना ही नहीं, छात्राओं पर पत्थर फेंके गए, जिससे कुछ बच्चियां घायल हो गईं। घटना के बाद डरी हुई छात्राएं रोने लगीं। अधीक्षिका की शिकायत पर धरमपुरी थाने में FIR दर्ज की गई है।
रंगोली बना रही थीं छात्राएं, तभी पति के साथ छात्रावास पहुंचीं महिला अधिकारी
जानकारी के मुताबिक, रविवार को स्थापना दिवस के अवसर पर छात्रावास में कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। अधीक्षिका कला चौहान छात्राओं के साथ परिसर और कमरों में रंगोली बनवा रही थीं। इसी दौरान महिला बाल विकास अधिकारी राजकुमारी ठाकुर अपने पति सचिन कर्मा के साथ वहां पहुंच गईं।
अधीक्षिका के मुताबिक, दोनों के पहुंचने के बाद अचानक विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि राजकुमारी ठाकुर ने उनका गला पकड़ लिया और मारपीट करने लगीं। इस दौरान उनके बाल भी खींचे गए। छात्राओं ने बीच-बचाव कर अधीक्षिका को बचाने की कोशिश की।
अधीक्षिका को बचाने आई छात्राओं पर भी हमला, पत्थर लगने से घायल हुईं बच्चियां
अधीक्षिका कला चौहान के अनुसार, जब छात्राओं ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। छात्रावास में काम करने वाली दो महिलाओं ने बीच-बचाव किया और दोनों को बाहर जाने के लिए कहा।
आरोप है कि इसी दौरान पति-पत्नी ने पत्थर उठाकर छात्राओं की तरफ फेंके, जो कुछ बच्चियों को लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई और बच्चियां डरकर रोने लगीं। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस अब वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।
जातिगत टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पहले से चल रहा था विवाद
अधीक्षिका ने शिकायत में आरोप लगाया कि छात्रावास से जाते समय दोनों ने जातिगत टिप्पणी करते हुए अपशब्द कहे। साथ ही धमकी दी कि उन्हें यहां से भगा दिया जाएगा और किसी दिन अकेले मिलने पर जान से मार दिया जाएगा।
अधीक्षिका के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते छात्रावास में मारपीट की गई। पुलिस अब पुराने विवाद और रविवार को हुई घटना के कारणों की जांच कर रही है।
प्रेम प्रसंग के पुराने विवाद से जुड़ रही घटना, बेटे की आत्महत्या का भी जिक्र
छात्रावास में हुई मारपीट की घटना को महिला अधिकारी राजकुमारी ठाकुर से जुड़े पुराने विवाद से भी जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, उनका पहले प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद हुआ था। इसी मामले के संबंध में उनके बेटे द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, पुराने विवाद और छात्रावास में हुई मारपीट के बीच सीधे संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। राजकुमारी ठाकुर ने अपना पक्ष रखने से इनकार कर दिया है। वहीं, अधीक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के वीडियो और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।