मध्यप्रदेश में धनतेरस के मौके पर ग्रामीण परिवारों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी की जा रही है। राज्य सरकार स्वामित्व योजना के तहत पात्र परिवारों को उनकी संपत्तियों की मुफ्त रजिस्ट्री कराने जा रही है। इसके लिए प्रदेश के मंत्री, सांसद और विधायक धनतेरस पर अपने पैतृक गांव या पसंद के किसी एक गांव में पहुंचेंगे। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पात्र परिवारों की संपत्तियों का पंजीयन कराया जाएगा। सरकार ने चयनित गांव में एक ही दिन के भीतर 100 प्रतिशत रजिस्ट्री पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद राजस्व विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टरों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं।
धनतेरस पर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा पंजीयन
राजस्व विभाग ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार, आगामी धनतेरस पर प्रदेश के मंत्री, सांसद और विधायक अपने पैतृक या इच्छानुसार किसी एक गांव का चयन करेंगे। इस गांव में योजना के तहत पात्र परिवारों की संपत्तियों की रजिस्ट्री उनकी मौजूदगी में कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य चयनित गांव के सभी पात्र हितग्राहियों को एक दिन में पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
कलेक्टरों को तत्काल समन्वय करने के निर्देश
राजस्व विभाग की ओर से सोमवार को जारी आदेश में सभी जिलों के कलेक्टरों को संबंधित जनप्रतिनिधियों से तत्काल संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टरों को मंत्री, सांसद और विधायकों के पैतृक अथवा पसंदीदा गांव का चयन कर वहां रजिस्ट्री की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। शासन ने इस अभियान को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने को कहा है।
तहसीलदार से पटवारी तक रहेगा राजस्व अमला तैनात
अभियान को सफल बनाने के लिए राजस्व विभाग ने प्रशासनिक अमले की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों और पटवारियों को धनतेरस के दिन लगातार ड्यूटी पर रहने के लिए कहा गया है। चयनित गांवों में पात्र हितग्राहियों की पहचान, दस्तावेजों की जांच और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कर्मचारियों को पहले से तैयार रहना होगा।
शासन को देनी होगी गांवों और हितग्राहियों की जानकारी
कलेक्टरों को चयनित गांवों की सूची, पात्र हितग्राहियों की संख्या और रजिस्ट्री कराने की कार्ययोजना शासन को उपलब्ध करानी होगी। इसके साथ ही अभियान की प्रगति का प्रतिवेदन भी भेजना होगा। राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि रजिस्ट्री के बाद पंजीकृत अभिलेखों के वितरण को लेकर अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य इस अभियान के जरिए ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी मालिकाना हक उपलब्ध कराना और स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाना है।