उत्तराखंड में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई पहल की शुरुआत की है। सोमवार को देहरादून में मुख्यमंत्री ने 'देवभूमि परिवार पोर्टल' और 'विकसित उत्तराखंड विजन-2047' का लोकार्पण किया। देवभूमि परिवार पोर्टल के जरिए प्रदेश के हर परिवार को एक विशिष्ट पहचान यानी देवभूमि परिवार आईडी दी जाएगी। इससे सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान करना और उन्हें योजनाओं का फायदा पहुंचाना आसान होगा।
एक परिवार, एक पहचान, एक प्लेटफॉर्म
देवभूमि परिवार पोर्टल को 'एक परिवार, एक पहचान, एक प्लेटफॉर्म' की अवधारणा पर तैयार किया गया है। इस पर प्रदेश के परिवारों का सामाजिक और आर्थिक विवरण दर्ज होगा। परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध रहेगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। वहीं, अलग-अलग विभागों में बार-बार दस्तावेज जमा करने और कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। पोर्टल से इन परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा योजनाओं में दोहराव रोकने और लाभार्थियों का सत्यापन करने में भी आसानी होगी।
2047 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 'विकसित उत्तराखंड विजन-2047' भी प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज केवल भविष्य के लक्ष्य तय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के विकास की दिशा तय करने वाली कार्ययोजना है। प्रमुख सचिव नियोजन डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम के मुताबिक, विजन में करीब 440 संकेतकों के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। वर्ष 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लगभग 28 लाख करोड़ रुपये और प्रति व्यक्ति आय को करीब 20 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके साथ ही बेरोजगारी दर को 3.5 प्रतिशत और बहुआयामी गरीबी को 0.61 प्रतिशत तक लाने की योजना है।
पर्यटन, रोजगार और पर्यावरण पर रहेगा जोर
विकसित उत्तराखंड विजन में कृषि, पर्यटन, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास और कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दी गई है। राज्य की स्थापित ऊर्जा क्षमता को करीब 22 हजार मेगावाट और वन क्षेत्र को 46.6 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य भी रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ औद्योगिक निवेश, स्वरोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश की तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
धामी के मुताबिक, राज्य की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना से अधिक बढ़ी है। पिछले एक साल में जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार विभागीय कार्ययोजनाएं बनाने और उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का विकास प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर होना चाहिए। हिमालय, नदियों, जंगलों और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना जरूरी है।