देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को प्रदेश के करीब 8 लाख स्कूली बच्चों से वर्चुअल संवाद किया। मुख्यमंत्री आवास से आयोजित ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारियों पर चर्चा की। इस दौरान धामी ने बच्चों से मिट्टी के दीये अपनाने, स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने, स्वच्छता रखने और पटाखों से दूरी बनाने की अपील की।
त्योहारों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
मुख्यमंत्री ने बच्चों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहार परिवार और समाज को जोड़ने का अवसर होते हैं। बच्चों से घर की साफ-सफाई में परिवार का सहयोग करने और स्वच्छता को अपनी आदत बनाने की अपील की। धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि स्वच्छ प्रदेश और देश बनाने में हर व्यक्ति की भूमिका है। बच्चों की छोटी-छोटी कोशिशें भी बड़ा बदलाव ला सकती हैं।
मिट्टी के दीये खरीदने की अपील
मुख्यमंत्री ने बच्चों से दीपावली पर मिट्टी के दीये जलाने और स्थानीय कुम्हारों व कारीगरों के उत्पाद खरीदने को कहा। उन्होंने 'वोकल फॉर लोकल' अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि स्थानीय सामान को बढ़ावा देने से कारीगरों की आजीविका मजबूत होगी और उनके परिवारों को भी त्योहार की खुशियों में शामिल होने का मौका मिलेगा।
AI से और उपयोगी बनेगा कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ संवाद को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक की मदद से अधिक उपयोगी बनाने की तैयारी है। इसके जरिए बच्चों को उनकी रुचि और जरूरत के अनुसार शिक्षा, करियर, संस्कृति और जीवन से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी। धामी ने बताया कि इससे पहले ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने निबंध लेखन के जरिए उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव दिए थे। उन्होंने कहा कि बच्चों के उपयोगी सुझावों को भविष्य की योजनाओं और नीतियों में भी ध्यान में रखा जाएगा।
परीक्षा और करियर को लेकर भी दी सलाह
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने की सलाह दी। साथ ही बच्चों से अपने लक्ष्य तय करने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने को कहा। धामी ने ‘विकल्प रहित संकल्प’ का अर्थ समझाते हुए कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए लगन, मेहनत और दृढ़ निश्चय जरूरी है। उन्होंने बच्चों को चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करने का संदेश दिया।