उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने हल्द्वानी दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने चमोली में हुए हालिया हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। सीएम ने कहा कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार का लगातार प्रयास है कि यात्रा सुगम और सुरक्षित रहे। उन्होंने बताया कि मौजूदा यात्रा के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए अगले साल की यात्रा की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं, ताकि व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
चुनावी तैयारियों पर बोले सीएम
आगामी विधानसभा चुनाव और संगठन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन का काम 365 दिन चलता रहता है। सरकार और संगठन मिलकर लगातार जनता के बीच काम कर रहे हैं।
राम माधव के अनुभव का मिलेगा लाभ
प्रदेश प्रभारी राम माधव के बारे में सीएम धामी ने कहा कि वे बेहद अनुभवी नेता हैं और उनका लंबा राजनीतिक व सामाजिक अनुभव रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, आगामी चुनावों में पार्टी को उनके अनुभव का बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि राम माधव अलग-अलग स्तर पर संगठन की बैठकें लेकर तैयारियों को आगे बढ़ा रहे हैं।