दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की मेगा रैली को लेकर सियासत तेज हो गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रैली के बहाने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक हताशा और निराशा का नतीजा बताते हुए आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद विपक्ष देश में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। धामी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के एक बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने कहा था कि कांग्रेस सत्ता में रहती है तो जनता के लिए खतरनाक होती है और सत्ता से बाहर रहती है तो पूरे देश के लिए खतरनाक बन जाती है। मुख्यमंत्री ने इस बयान के जरिए कांग्रेस की मौजूदा राजनीति पर सवाल उठाए।
आपातकाल और पुराने शासन का जिक्र कर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का इतिहास लोकतंत्र को कमजोर करने वाला रहा है। उन्होंने आपातकाल लगाने और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने की घटनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। धामी ने कहा कि देश की जनता ने करीब 60 साल तक कांग्रेस का शासन देखा है। इस दौरान पार्टी के कामकाज और फैसलों को भी परखा है। उनके मुताबिक, यही वजह है कि जनता का भरोसा कांग्रेस से कम हुआ है।
उन्होंने विपक्ष की मौजूदा गतिविधियों को राजनीतिक निराशा से जोड़ते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इस तरह के विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
दीपावली के दौरान रैली करने पर भी उठाए सवाल
धामी ने INDIA गठबंधन की रैली के समय को लेकर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जब देश दीपावली के त्योहार की तैयारियों में जुटा है, तब विपक्षी दल विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।मुख्यमंत्री के मुताबिक, व्यापारी समुदाय ने राहुल गांधी और INDIA गठबंधन से अपील की थी कि त्योहारों का सीजन खत्म होने के बाद विरोध प्रदर्शन किया जाए। व्यापारियों को आशंका थी कि प्रदर्शन के कारण बाजार और कारोबार प्रभावित हो सकते हैं। इसके बावजूद विपक्षी दलों ने रैली आयोजित की।
बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात बनाने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री धामी ने विपक्षी गठबंधन पर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि विपक्षी दल भारत में बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात बनाना चाहते हैं, ताकि सत्ता परिवर्तन का रास्ता तैयार किया जा सके। उन्होंने फ्रांस और अन्य यूरोपीय देशों में हुई हिंसक घटनाओं का भी जिक्र किया। धामी का आरोप है कि विपक्षी दल देश में इसी तरह का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
INDIA गठबंधन की रैली के बीच भाजपा का पलटवार
दिल्ली के रामलीला मैदान में SIR के विरोध में INDIA गठबंधन की रैली के दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाए थे। राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं ने मतदाता सूची में बदलाव को लेकर अपनी आपत्तियां रखी थीं। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस रैली को लेकर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस के पुराने शासन, आपातकाल और मौजूदा विरोध प्रदर्शन को अपने निशाने पर रखा। धामी के बयान से साफ है कि SIR के मुद्दे पर शुरू हुई राजनीतिक बहस अब भाजपा और INDIA गठबंधन के बीच आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गई है। जहां विपक्ष चुनाव प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों को लेकर सवाल उठा रहा है, वहीं भाजपा विपक्ष के आंदोलन की मंशा पर सवाल खड़े कर रही है।