देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के बाद पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शराब से भरे आयशर ट्रक को पकड़ने के दौरान हुई इस घटना के बाद अब पुलिस केवल ट्रक चालक तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस की टीमें पांच जिलों में छापेमारी कर रही हैं और इस कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल में जुटी हैं।
स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन पहुंचे घटनास्थल
सोमवार को विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन खातेगांव पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा ली है। शराब कहां से लाई गई थी, कहां पहुंचाई जानी थी और इसके परिवहन में कौन-कौन शामिल था, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों को गिरफ्तार करना और उनके खिलाफ पुख्ता साक्ष्य जुटाना है।
शराब दुकान मालिक और ट्रांसपोर्टर भी जांच के घेरे में
स्पेशल डीजी के मुताबिक, इस मामले में केवल चालक और क्लीनर ही नहीं, बल्कि शराब दुकान मालिक, ट्रांसपोर्टर और वाहन मालिकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। शराब लोड होने से लेकर उसके परिवहन तक की पूरी कड़ी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई से जुड़ी सभी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं। पांच जिलों में टीमें संदिग्धों तक पहुंचने और सबूत जुटाने में लगी हैं।
हरदा से गुजरात जा रहा था अवैध शराब से भरा ट्रक
जानकारी के अनुसार, देवास पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा को हरदा से इंदौर होते हुए गुजरात जा रहे अवैध शराब से भरे ट्रक की सूचना मिली थी। इसके बाद कन्नौद, खातेगांव और सतवास थाना प्रभारियों सहित पुलिसकर्मियों को ट्रक पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई। ट्रक क्रमांक MP 43H 4786 को रोकने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी। इसी दौरान यह घटना हुई।
ट्रक चालक ने टीआई पर चढ़ाया वाहन
रविवार रात पुलिस टीम अवैध शराब से भरे आयशर ट्रक को पकड़ने पहुंची थी। इसी दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने ट्रक रोकने और चालक को पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने ट्रक उनके ऊपर चढ़ा दिया। वाहन का पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया था। अब मामले की जांच के साथ शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई जारी है।