भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर बुरहानपुर निवासी दिव्यांग नागरिक दयाशंकर को आने-जाने में आसानी के लिए ट्राइसायकिल उपलब्ध करवाई गई है। दयाशंकर की पत्नी बिंदू बाई ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव और कलेक्टर बुरहानपुर को इस सहयोग के लिए आभार माना है। परिवार को बेटियों की शिक्षा के लिए भी सहायता प्रदान की गई है।
बुरहानपुर की हमारी एक बहन बिंदूबाई जी का अपने दिव्यांग पति श्री दयाशंकर जी को कंधे पर उठाकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचने का हृदयस्पर्शी वीडियो मेरे संज्ञान में आया था। इसके पश्चात मैंने तत्काल कलेक्टर को आवश्यक सहायता के निर्देश दिए थे। मुझे प्रसन्नता है कि दयाशंकर जी को ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई है। हमारी सरकार संवेदनशील सरकार है। हमारा प्रयास है कि किसी भी जरूरतमंद की पीड़ा अनसुनी न रहे और हर परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग मिले।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 1, 2026
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक्स पर अपनी पोस्ट में बताया कि किसी भी जरूरतमंद की पीड़ा अनसुनी नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उनके संज्ञान में एक वीडियो आया था, जिसमें बिंदू बाई अपने दिव्यांग पति को कंधे पर उठाकर कलेक्टर कार्यालय गई थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए इस वीडियो के संदर्भ में कलेक्टर बुरहानपुर को कार्यवाही के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर द्वारा दिव्यांग दयाशंकर को तत्परतापूर्वक सहायता प्रदान की गई। दयाशंकर को ट्राइसायकिल उपलब्ध करवाए जाने से उनके जीवन को आसान बनाने में सहयोग मिलेगा।