उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश की जनता के नाम संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने अयोध्या में आयोजित होने वाले दसवें भव्य दीपोत्सव का जिक्र करते हुए लोगों से परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या पहुंचने की अपील की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से दीपोत्सव में शामिल होने के साथ-साथ वंचित परिवारों की मदद करने और स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने का भी आग्रह किया।
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों, सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्रीअयोध्या धाम अपने दसवें भव्य एवं दिव्य दीपोत्सव के स्वागत के लिए पुलकित है। दीपोत्सव अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और आस्था से विकास की यात्रा का प्रतीक है। यह मात्र दीप प्रज्वलन नहीं, अपितु भारत की सनातन चेतना के पुनर्जागरण तथा सांस्कृतिक गौरव का महापर्व है। माँ सरयू के तट पर सजी दीपमाला, राम की पैड़ी पर लाखों दीपों की जगमग मानो अयोध्या में आकाश गंगा उतर आई हो। ड्रोन के माध्यम से आकाशीय प्रस्तुतियां और कलाकारों की सहभागिता इस महोत्सव को अलौकिक भव्यता प्रदान करती हैं। मैं आप सभी से विशेष रूप से कहना चाहूंगा कि यदि आपके आस-पड़ोस में कोई वंचित परिवार है, तो अपने सामर्थ्य के अनुसार उसकी दीपावली भी आलोकित करें। दीये, मिठाइयां और नए वस्त्र भेंट कर उसके जीवन में प्रसन्नता का संचार करें। यही दीपोत्सव की सच्ची भावना है। स्थानीय कारीगरों के दीप एवं उत्पाद खरीदकर उनके परिश्रम को प्रोत्साहन दें। मेरी हार्दिक इच्छा है कि आप अपने परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या पधारें तथा प्रभु श्रीराम की पावन नगरी में भव्य दीपोत्सव की दिव्य छटा के साक्षी बनें। सियावर रामचंद्र की जय।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 2, 2026
दीपोत्सव अंधकार से प्रकाश का प्रतीक
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि अयोध्या धाम दसवें भव्य और दिव्य दीपोत्सव के स्वागत के लिए तैयार है। दीपोत्सव केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति से जुड़ा यह पर्व भारत की सनातन चेतना को दर्शाता है।
सत्ता का अर्थ अधिकार नहीं, दायित्व
मुख्यमंत्री ने रामायण के भरत प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भरत ने 14 वर्षों तक राजसुख का त्याग कर भगवान श्रीराम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर रखकर राज्य का संचालन किया। यह प्रसंग सिखाता है कि सत्ता का वास्तविक अर्थ अधिकार नहीं, बल्कि दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरयू तट पर दीपमाला, राम की पैड़ी पर लाखों दीपों की रोशनी और कलाकारों की प्रस्तुतियां दीपोत्सव को खास बनाती हैं।
दीपोत्सव से स्थानीय कारोबार को बढ़ावा
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने आस्था और जनभागीदारी के जरिए उत्सव प्रदेश के रूप में नई पहचान बनाई है। उनके मुताबिक, दीपोत्सव आस्था के साथ अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा है। इससे कुम्हारों, फूल विक्रेताओं, होटल व्यवसायियों और स्थानीय व्यापारियों को रोजगार और आय के अवसर मिलते हैं।
वंचित परिवारों की दीपावली भी रोशन करें
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद परिवारों की क्षमता के अनुसार मदद करें। उन्हें दीये, मिठाइयां और नए कपड़े देकर उनकी दीपावली खुशहाल बनाने का प्रयास करें। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक रहने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील की। साथ ही स्थानीय कारीगरों के दीप और उत्पाद खरीदकर उनके काम को प्रोत्साहित करने की बात कही।
परिवार के साथ अयोध्या आने का न्योता
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या पहुंचकर भव्य दीपोत्सव का साक्षी बनने का आग्रह किया। उन्होंने कामना की कि हर घर में खुशहाली, हर मन में सद्भाव और प्रदेश में प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो।