भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो-2026 में छत्तीसगढ़ ने ऊर्जा क्षेत्र में अपनी निवेश संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं को सामने रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में चार दिवसीय समिट का उद्घाटन किया। इसके बाद आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य का ऊर्जा विजन पेश किया। उन्होंने अगले पांच वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में 5.60 लाख करोड़ रुपये के निवेश की रूपरेखा साझा की और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।
2030 तक हरित ऊर्जा क्षमता 15 हजार मेगावाट करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि प्रस्तावित निवेश में 23,923 मेगावाट क्षमता की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 1.33 लाख करोड़ रुपये और अतिरिक्त ताप विद्युत क्षमता विकसित करने के लिए करीब 3.27 लाख करोड़ रुपये शामिल हैं। राज्य का लक्ष्य 2030 तक हरित ऊर्जा क्षमता को मौजूदा करीब 3,000 मेगावाट से बढ़ाकर 15,000 मेगावाट करना है। इसके साथ ही बिजली की कुल मांग में हरित ऊर्जा की हिस्सेदारी लगभग 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 45 प्रतिशत से अधिक करने की योजना है। सीएम ने कहा कि भारत के 2030 तक गैर-पारंपरिक स्रोतों से 500 गीगावाट बिजली उत्पादन के राष्ट्रीय लक्ष्य में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण योगदान देगा। इसके लिए सौर, जलविद्युत, बायोमास और ताप विद्युत परियोजनाओं का संतुलित विस्तार किया जाएगा।
पंप स्टोरेज और बैटरी परियोजनाओं पर जोर
ऊर्जा आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए छत्तीसगढ़ में 12,300 मेगावाट क्षमता की 10 पंप स्टोरेज जलविद्युत परियोजनाएं चिह्नित की गई हैं। इनमें करीब 65 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके अलावा अगले दो वर्षों में 10,000 मेगावाट-घंटा क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियां स्थापित करने की योजना है। राजनांदगांव में 100 मेगावाट का सौर संयंत्र और 40 मेगावाट क्षमता की बैटरी भंडारण प्रणाली पहले से संचालित है। राजनांदगांव जिले का खेरा गांव राज्य का पहला पूर्ण सोलर गांव बन गया है। यहां सभी 141 घरों की छतों पर 2 किलोवाट के सोलर पैनल लगाए गए हैं। इनसे कुल 282 किलोवाट बिजली उत्पादन की क्षमता विकसित हुई है।
घरों और खेतों तक पहुंच रही सौर ऊर्जा
राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत करीब 1.26 लाख सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं, 1.66 लाख सोलर सिंचाई पंपों के जरिए लगभग 1.94 लाख हेक्टेयर जमीन की सिंचाई हो रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 395 मेगावाट क्षमता के सौर संयंत्र स्थापित करने की योजना है। सरकार का जोर घरेलू बिजली जरूरतों के साथ कृषि क्षेत्र में भी सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ाने पर है।
बायोगैस और परमाणु ऊर्जा में भी निवेश की योजना
मुख्यमंत्री ने कृषि अपशिष्ट, गोबर और अन्य जैव संसाधनों से कंप्रेस्ड बायोगैस, बायो-एथेनॉल और ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन की संभावनाओं पर भी बात की। राज्य में 80 मीट्रिक टन क्षमता के आठ कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। इनमें करीब 800 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके अलावा निजी निवेशकों के लगभग 6,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर भी काम किया जा रहा है। परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में भी करीब 4,200 मेगावाट क्षमता के संयंत्रों सहित अन्य परियोजनाओं के लिए लगभग 1.60 लाख करोड़ रुपये के निवेश की परिकल्पना की गई है।
वैश्विक निवेशकों के सामने पेश की ऊर्जा क्षमता
समिट के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के स्टॉल का अवलोकन किया। यहां राज्य की ऊर्जा परियोजनाओं, नवीकरणीय संसाधनों और निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और निवेशकों से बातचीत कर राज्य में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। 2 से 5 नवंबर तक आयोजित इस समिट में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों और 40 से अधिक मंत्रियों, नीति निर्माताओं तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम की थीम ‘निवेश, नवाचार और प्रेरणा’ रखी गई है। इस समिट में छत्तीसगढ़ ने पारंपरिक बिजली उत्पादन के साथ हरित ऊर्जा, बैटरी भंडारण और आधुनिक ऊर्जा तकनीकों में निवेश की संभावनाएं पेश की हैं। अब इन प्रस्तावित परियोजनाओं को जमीन पर उतारना राज्य के ऊर्जा रोडमैप का अहम हिस्सा होगा।