मध्यप्रदेश में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 4 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे। सुबह 10 बजे प्लेटिनम प्लाजा के पास अटल पथ पर सभा आयोजित की जाएगी, जिसे राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे। सभा के बाद बीजेपी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए न्यू मार्केट से रोशनपुरा चौराहे तक जाएंगे। पार्टी इस आयोजन को बड़े स्तर पर करने की तैयारी में जुटी है।
हर विधानसभा से 10-10 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने बैठक की। इसमें भोपाल के विधायकों, शहर और ग्रामीण अध्यक्षों सहित चुनिंदा पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग की प्रत्येक विधानसभा से 10-10 हजार लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया। इसके लिए विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
विधायकों को सौंपी गई भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी
बैठक में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने भोपाल के विधायकों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम में लाने के निर्देश दिए। पदयात्रा में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के अलग-अलग जिलों से बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। पार्टी संगठन का प्रयास है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी हो।
सीएम बोले- इंदौर और जबलपुर से बेहतर हो भोपाल का आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में कहा कि भोपाल प्रदेश की राजधानी है और यहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। ऐसे में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिलकर प्रयास करना चाहिए कि भोपाल का कार्यक्रम इंदौर और जबलपुर से भी बेहतर हो। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
अटल पथ से रोशनपुरा तक निकलेगी पदयात्रा
सभा के बाद पदयात्रा अटल पथ से शुरू होकर न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक पहुंचेगी। बीजेपी ने इस आयोजन के लिए क्षेत्रवार जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी अपने तय लक्ष्य के मुताबिक कितनी बड़ी भागीदारी जुटा पाती है।