बिहार में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की देश की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को सरदार पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के योगदान और उनके विचारों को सम्मान देने के लिए यह पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री बापू सभागार में साझी विरासत अभियान की ओर से आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और देश की एकता में उनके योगदान को याद किया।
देश को एकजुट करने में पटेल की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश के सबसे मजबूत गृह मंत्रियों में से एक थे। आजादी के बाद भारत को एकजुट करने और अखंड राष्ट्र की नींव मजबूत करने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अनेक रियासतों का भारत में विलय कर देश की एकता को मजबूत किया। उनके विचार और जीवन आज भी देश को एक सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं। सीएम ने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को सम्मान देने और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए बिहार में उनकी सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को 2047 तक विकसित और आर्थिक रूप से मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के सपनों को साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महत्वपूर्ण काम किए हैं। राष्ट्रीय एकता और देश की मजबूती के लिए सरदार पटेल के विचारों को याद करना जरूरी है। सीएम ने कहा कि उनका जीवन देश को एकजुट रखने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
निशांत ने कहा- अखंड भारत के निर्माण में पटेल का योगदान अतुलनीय
पटना के अशोक कन्वेंशन केंद्र में भी सरदार पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय और अविस्मरणीय है। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने अनेक रियासतों का एकीकरण कर मजबूत और अखंड भारत की नींव रखी। निशांत ने कहा कि देश के इतिहास में सरदार पटेल की भूमिका हमेशा याद की जाएगी और उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
पटेल चौक पर राजकीय समारोह, सीएम ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
सरदार पटेल जयंती के अवसर पर पटना के पटेल चौक पर राजकीय समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम चितकोहरा पुल के पास स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा के परिसर में हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, मंत्री विजय सिन्हा, डॉ. दिलीप जायसवाल, रामकृपाल यादव, शीला कुमारी, रत्नेश सादा और लखेन्द्र कुमार रौशन मौजूद रहे। विधायक श्याम रजक और संजीव चौरसिया सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सरदार पटेल को नमन किया।
बिहार में सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा को उनकी विरासत और राष्ट्रीय एकता के संदेश को आगे बढ़ाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, प्रतिमा की ऊंचाई, निर्माण स्थल और परियोजना की समयसीमा को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।