चुनाव आयोग और SIR के खिलाफ बिहार में महागठबंधन का प्रदर्शन तेज हो गया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव खुद बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
तेजस्वी तीन बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़े
प्रदर्शन के दौरान तेजस्वी यादव तीन बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें डिटेन कर लिया। उनके साथ VIP प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे। तेजस्वी को जिस पुलिस वाहन में ले जाया गया, उसके ऊपर भी कुछ विधायक और कार्यकर्ता चढ़ गए।
डिटेन होने के बाद तेजस्वी का पुलिस पर आरोप
पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने के बाद तेजस्वी यादव ने व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया जा रहा है। तेजस्वी ने कहा, “बस गोलियां चलनी ही बाकी है।” उनके इस बयान के बाद प्रदर्शन का माहौल और गरमा गया।
हाथों में हथकड़ी लेकर पहुंचे राजेश राम
प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम भी अलग अंदाज में नजर आए। वह हाथों में हथकड़ी लगाकर और संविधान की कॉपी लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस की ओर से इस दिन को ‘काला दिवस’ के तौर पर मनाया जा रहा है।
प्रदर्शन में लगे कई नारे
महागठबंधन के प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, कैसे करे देश भरोसा’ और ‘ज्ञानेश कुमार कहां मिलेंगे, बीजेपी की गोद में’ जैसे नारे लगाए। SIR को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया।