मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पिछले 35 सालों तक कर्मचारियों की हाजिरी का रिकॉर्ड ही नहीं रखा गया, लेकिन इसके बावजूद लगातार वेतन का भुगतान होता रहा। RTI से हुए खुलासे के मुताबिक, साल 1988 से 2023 के बीच विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को करीब 275 करोड़ रुपये वेतन के रूप में दिए गए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अटेंडेंस रजिस्टर ही मौजूद नहीं था, तो कर्मचारियों की उपस्थिति कैसे प्रमाणित की जाती थी?
अटेंडेंस रजिस्टर गायब, 275 करोड़ का वेतन भुगतान
यह खुलासा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र धर्मेंद्र सिंह द्वारा दायर RTI के जवाब में हुआ है। पूर्व छात्र ने आरोप लगाया है कि इतने लंबे समय तक हाजिरी का रिकॉर्ड नहीं होने के बावजूद वेतन भुगतान किया जाना गंभीर अनियमितताओं की ओर इशारा करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कर्मचारियों की उपस्थिति का कोई रिकॉर्ड नहीं था, तो उन्हें किस आधार पर वेतन दिया जाता रहा? साथ ही उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।
वेतन बिल किसने किए प्रमाणित?
RTI से सामने आई जानकारी के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि वेतन बिलों को किस अधिकारी ने प्रमाणित किया? कर्मचारियों की उपस्थिति की पुष्टि के लिए कौन-सी प्रक्रिया अपनाई गई? क्या बिना हाजिरी रिकॉर्ड के करोड़ों रुपये का भुगतान होता रहा और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं थी? अब इस पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।