भोपाल के कोलार क्षेत्र स्थित दामखेड़ा में कलियासोत नदी के पास संचालित एक डेयरी में गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार तड़के पुलिस ने डेयरी पर दबिश देकर संचालक गब्बर यादव, मुन्ना यादव और राशिद खान को हिरासत में लिया। पुलिस ने मौके से मिले अवशेष जब्त कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोवंश के अन्य अंग कहां ठिकाने लगाए गए और कथित तौर पर उन्हें किन लोगों को बेचा गया था।
सुबह 4 बजे मिली सूचना, पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि ग्राम दामखेड़ा स्थित गब्बर यादव की डेयरी में गोवंश के कथित कटान और तस्करी से जुड़ी गतिविधियां हो रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डेयरी की तलाशी ली। इस दौरान गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने पर उन्हें जब्त कर लिया गया। पुलिस को आशंका है कि गोवंश को कुछ समय पहले काटा गया था और उसके अन्य अवशेष कहीं दूसरी जगह ठिकाने लगा दिए गए। मामले में आरोपियों की भूमिका और संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है।
घटना के बाद भड़का आक्रोश, संदेही के साथ मारपीट
डेयरी में अवशेष मिलने की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने एक संदेही के साथ मारपीट की। घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं। वहीं, मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता कोलार थाने पहुंचे और विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने गोवंश संरक्षण सुनिश्चित करने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
पहले भी कार्रवाई के दावे, डेयरी के संचालन पर सवाल
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, कलियासोत नदी के पास स्थित इस डेयरी के खिलाफ पहले भी नगर निगम की कार्रवाई होने की बात कही जा रही है। हालांकि, कार्रवाई के बाद दोबारा डेयरी संचालित होने के आरोप भी लगाए गए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि पहले कार्रवाई हुई थी, तो इसके बावजूद संचालन कैसे जारी रहा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कथित कटान, अवशेषों को ठिकाने लगाने और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।