भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चोर ने काजू व्यापारी की दुकान में घुसकर काउंटर में रखे 3 लाख 78 हजार रुपए पार कर दिए। खास बात यह रही कि आरोपी ने दुकान का ताला तक नहीं तोड़ा और न ही दरवाजे पर किसी तरह के निशान मिले। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पास की निर्माणाधीन बिल्डिंग के रास्ते दुकान की तीसरी मंजिल तक पहुंचा और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है।
मां नर्मदा ट्रेडर्स से गायब हुए थे 3.78 लाख रुपए
पुलिस के मुताबिक, पुष्पानगर ऐशबाग निवासी रोहतास चौहान (42) की हनुमानगंज इलाके में मां नर्मदा ट्रेडर्स के नाम से काजू की दुकान है। 25 अक्टूबर को उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि दुकान के काउंटर में रखे 3 लाख 78 हजार रुपए गायब हैं। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि दुकान का ताला सुरक्षित था और उसे तोड़े जाने के कोई निशान भी नहीं मिले थे। शुरुआत में घटनास्थल पर चोरी के स्पष्ट संकेत नहीं मिलने से पुलिस के सामने जांच की चुनौती थी। हालांकि, व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
निर्माणाधीन बिल्डिंग से मिला चोरी का सुराग
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने दुकान के पास स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग पर ध्यान केंद्रित किया। वहां काम करने वाले मजदूरों और आने-जाने वाले हम्मालों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने संदिग्ध हम्मालों की सूची तैयार कर उनके मोबाइल नंबरों पर संपर्क करना शुरू किया। इसी दौरान एक हम्माल का मोबाइल लगातार बंद मिला। उसके भोपाल से बाहर होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस का शक उस पर गहरा गया।
सिरोंज में नहीं मिला आरोपी, भोपाल में हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में विदिशा जिले के सिरोंज स्थित उसके घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। बाद में पुलिस को उसके घर लौटने की सूचना मिली। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने भोपाल में उसके संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के पास से पूरी रकम बरामद
पुलिस ने आरोपी की पहचान मोहम्मद उमर पिता चुन्नी (40), निवासी टोरी मोहल्ला, सिरोंज, जिला विदिशा के रूप में की है। आरोपी पेशे से हम्माल बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसने निर्माणाधीन बिल्डिंग के रास्ते दुकान की तीसरी मंजिल तक पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी 3 लाख 78 हजार रुपए की रकम बरामद कर ली है। बिना ताला तोड़े हुई इस चोरी का खुलासा होने के बाद इलाके में भी घटना की चर्चा है।