राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुल से टकराई और करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी करीब 8 श्रद्धालुओं की मौत की खबर है, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 6:30 बजे सीमलिया थाना क्षेत्र में हुआ।
भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर में सवार श्रद्धालु भोपाल से राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। वाहन में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। बताया गया कि सभी यात्री अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन एक-दूसरे को जानते थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
क्रेन की मदद से निकाले गए घायल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। वाहन में कई यात्री फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। नाले में पानी और कीचड़ होने से बचाव कार्य में परेशानी आई। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
चालक को नींद आने की आशंका
कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा ने हादसे में करीब 8 लोगों की मौत और 15 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी दी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
परिवारों में पसरा मातम
कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष समारिया के मुताबिक, घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन उनकी स्थिति पर नजर रख रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की खबर से उनके परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।