भारत ने जीती पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत ने रचा इतिहास, पुरुष और महिला दोनों टीमों ने गोल्ड जीतकर देश का नाम रोशन किया।

अहमदाबाद में भारत ने पुरुष फाइनल में श्रीलंका को 54-20 और महिला फाइनल में युगांडा को 35-15 से हराकर दोनों खिताब अपने नाम किए।

By : शिवम् पांडेय
कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारत ने रचा इतिहास, पुरुष और महिला दोनों टीमों ने गोल्ड जीतकर देश का नाम रोशन किया।

भारत ने पहले कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों खिताब अपने नाम कर लिए। अहमदाबाद में शनिवार (31 अक्टूबर) को खेले गए फाइनल मुकाबलों में भारतीय पुरुष टीम ने श्रीलंका को 54-20 से हराया, जबकि महिला टीम ने युगांडा को 35-15 से शिकस्त देकर गोल्ड मेडल जीता। इस जीत के साथ भारत पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप का चैंपियन बन गया। खास बात यह रही कि पुरुष और महिला दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा। पुरुष टीम ने लगातार 8 मुकाबले जीतकर खिताब हासिल किया, वहीं महिला टीम ने अपने सभी 6 मैच जीतकर गोल्ड पर कब्जा जमाया।

पुरुष टीम ने श्रीलंका को 34 अंकों से हराया

पुरुषों के फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। एशियन चैंपियन भारत ने श्रीलंका को वापसी का मौका नहीं दिया। स्टार रेडर आदित्य शिंदे ने 14 रेड में 10 अंक हासिल किए और सुपर-10 पूरा किया। उनके खाते में 4 बोनस अंक भी रहे। भारत हुड्डा ने दूसरे हाफ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 7 रेड में 8 अंक जोड़े। खास बात यह रही कि पूरे मुकाबले में उन्हें एक बार भी टैकल नहीं किया जा सका। पंकज मोहिते ने 6 और उप-कप्तान नवीन कुमार ने 5 अंक हासिल कर टीम की जीत में योगदान दिया। डिफेंस में योगेश दहिया ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने अपने सभी 5 टैकल सफल किए और हाई-5 लगाया। इसके अलावा शुभम शिंदे, कप्तान सुरजीत सिंह, प्रवेश मलिक और दीपक शंकर ने 2-2 टैकल पॉइंट्स हासिल किए।

भारत ने श्रीलंका को चार बार ऑल-आउट किया

मुकाबले में भारतीय टीम का डिफेंस और रेडिंग दोनों मजबूत रहे। भारत ने कुल 30 रेड और 14 टैकल पॉइंट्स हासिल किए। टीम ने श्रीलंका को चार बार ऑल-आउट किया, जबकि खुद एक बार भी ऑल-आउट नहीं हुई। पहले हाफ में भारत ने 30-10 की बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी पकड़ बनाए रखी और 24 अंक जुटाए। इसके मुकाबले श्रीलंका की टीम सिर्फ 10 अंक ही बना सकी। श्रीलंका की ओर से मदुवंता ने सबसे ज्यादा 6 टैकल पॉइंट्स हासिल किए। मैच के बाद आदित्य शिंदे ने अहमदाबाद के दर्शकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों से टीम को शानदार समर्थन मिला। साथ ही उम्मीद जताई कि आने वाली प्रतियोगिताओं में भी दर्शकों का ऐसा ही उत्साह देखने को मिलेगा।

महिला टीम ने युगांडा को 35-15 से दी शिकस्त

महिला वर्ग के फाइनल में भारतीय टीम ने कप्तान निधि शर्मा की अगुआई में युगांडा को 20 अंकों के अंतर से हराया। वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम की ओर से साक्षी ने सबसे ज्यादा 9 रेड पॉइंट्स हासिल किए। उन्होंने 10 रेड में यह स्कोर बनाया, जिसमें 2 बोनस अंक शामिल थे। कप्तान निधि शर्मा ने 5 अंक जुटाए, जबकि अनु ने 6 रेड पॉइंट्स का योगदान दिया। डिफेंस में रितु और सुमन ने 4-4 टैकल पॉइंट्स हासिल कर युगांडा के रेडर्स को रोकने में अहम भूमिका निभाई। पहले हाफ में भारतीय महिलाओं ने 22-7 की बड़ी बढ़त बना ली थी। शुरुआत में स्कोर 7-3 था, लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने लगातार अंक जुटाए। पहले हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने कोई रेड नहीं गंवाई। दूसरे हाफ में युगांडा ने रेड पॉइंट्स में 7-6 की बढ़त जरूर बनाई, लेकिन भारत ने एक और ऑल-आउट करते हुए मुकाबला 35-15 से जीत लिया।

पूरे टूर्नामेंट में साक्षी ने बनाए 52 अंक

महिला टीम की जीत में साक्षी का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। उन्होंने 6 मुकाबलों में कुल 52 अंक हासिल किए। ग्रुप स्टेज में भारत ने मलेशिया, सिंगापुर, युगांडा और नाइजीरिया को हराया था। इसके बाद सेमीफाइनल में श्रीलंका को 39-14 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल की बेस्ट प्लेयर चुनी गईं साक्षी ने कहा कि टीम को गोल्ड मेडल दिलाने में योगदान देकर उन्हें खुशी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से कबड्डी को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव भी मिलेगा। इस तरह अहमदाबाद में आयोजित पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप भारतीय टीमों के लिए यादगार रही। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में गोल्ड जीतकर भारत ने प्रतियोगिता का समापन चैंपियन के रूप में किया।

संबंधित सामग्री

सुबह खाली पेट आंवला खाना कितना फायदेमंद? जानिए सही समय, फायदे और किन लोगों को रखनी चाहिए सावधानी

सुबह खाली पेट आंवला खाना कितना फायदेमंद? जानिए सही समय, फायदे और किन लोगों को रखनी चाहिए सावधानी

आंवला इम्यूनिटी, त्वचा और पाचन के लिए फायदेमंद है। स्वस्थ लोग इसे सीमित मात्रा में खाली पेट खा सकते हैं, लेकिन एसिडिटी या गैस्ट्राइटिस वालों को भोजन के साथ लेना चाहिए।

12 Nov 2026
10 साल की ईरा ने रचा इतिहास, एक साथ बनाए 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड; बनीं दुनिया की सबसे कम उम्र की क्वालिफाइड स्कूबा डाइवर

10 साल की ईरा ने रचा इतिहास, एक साथ बनाए 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड; बनीं दुनिया की सबसे कम उम्र की क्वालिफाइड स्कूबा डाइवर

अंडमान के शहीद द्वीप में 10 साल 17 घंटे 35 मिनट की उम्र में ईरा ने एक दिन में 6 रिकॉर्ड बनाए। SSI ने योग्यता प्रमाणित की।

12 Nov 2026
क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने गर्लफ्रेंड समरीन से की सगाई, घुटनों पर बैठकर किया प्रपोज, रोमांटिक तस्वीरें वायरल!

क्रिकेटर अर्शदीप सिंह ने गर्लफ्रेंड समरीन से की सगाई, घुटनों पर बैठकर किया प्रपोज, रोमांटिक तस्वीरें वायरल!

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मॉडल समरीन कौर ने सगाई कर ली है। समरीन ने तस्वीरें साझा कीं, जिनमें अर्शदीप घुटनों पर बैठकर प्रपोज करते दिखे।

11 Nov 2026
एअर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी, टॉयलेट में मिला नोट; लिखा- 11:10 बजे करेंगे हाईजैक

एअर इंडिया की फ्लाइट को हाईजैक करने की धमकी, टॉयलेट में मिला नोट; लिखा- 11:10 बजे करेंगे हाईजैक

एअर इंडिया की कोलकाता-मुंबई उड़ान में धमकी वाला नोट मिलने पर विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर जांच की गई। विमान में 93 यात्री और 5 क्रू मेंबर सवार थे।

11 Nov 2026
Share Market: बाजार में जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 1200 अंक चढ़ा; निवेशकों की हुई चांदी!

Share Market: बाजार में जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 1200 अंक चढ़ा; निवेशकों की हुई चांदी!

भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी से सेंसेक्स 82,300 के पार पहुंचा। निफ्टी 25,350 पर कारोबार कर रहा है और सभी 30 सेंसेक्स शेयर हरे निशान में हैं।

11 Nov 2026