Raisen car bike accident: रायसेन में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 3 लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल है।
1 की मौत 2 घायल
टक्कर के बाद बाइक सवार 2 युवक सड़क पर गिर गए, जबकि तीसरा व्यक्ति उछलकर कार के आगे के शीशे में फंस गया। इसके बावजूद भी ड्राइवर कार को करीब 200 मीटर तक दौड़ाता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और कार को रोका।
पुलिस ने हादसे में घायल दोनों युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक अमित अहिरवार के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी में रखा गया है। तीनों युवक बनखेड़ी के रहने वाले थे और रायसेन की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
Raisen car bike accident: लोगों ने किया चक्काजाम
घटना के बाद स्थानीय लोगो ने अमरावत इलाके में चक्काजाम कर दिया। लोगों ने मृतक अमित अहिरवार के परिवार को आर्थिक सहायता देने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही SDM मनीष शर्मा, एसडीओपी प्रतिभा शर्मा और थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल मौके पर पहुंचे। SDOP प्रतिभा शर्मा ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया।
