सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। स्टारस्काई एयरलाइन का एक यात्री विमान टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद समुद्र के उथले पानी में क्रैश हो गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह हादसा अदन इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद हुआ, जब विमान ऊंचाई हासिल कर रहा था। अचानक आई तकनीकी खराबी ने पायलट को मुश्किल में डाल दिया और विमान समुद्र तट के बेहद करीब जा गिरा।
टेकऑफ के बाद आई तकनीकी खराबी
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान जैसे ही रनवे से ऊपर उठा, उसमें तकनीकी समस्या आ गई। पायलट ने विमान को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन पर्याप्त ऊंचाई न मिलने के कारण वह मोगादिशु के तट के पास समुद्र के उथले हिस्से में उतर गया।स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि विमान काफी नीचे उड़ता हुआ दिखाई दे रहा था। कुछ ही पलों बाद वह पानी की सतह से टकराया और फिसलते हुए समुद्र किनारे आकर रुक गया।
बीच तक फिसलता हुआ आया विमान
एयरलाइव की रिपोर्ट के अनुसार, विमान पहले पानी पर फिसला और फिर रेत वाले बीच पर आकर थम गया। हादसे की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि विमान का एक विंग पूरी तरह अलग हो चुका है, जिससे टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।हालांकि गनीमत रही कि विमान पलटा नहीं और आग भी नहीं लगी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
कुछ ही मिनटों में पहुंची रेस्क्यू टीमें
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई थीं। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ यात्रियों को एहतियातन मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जांच जारी, कारणों पर सस्पेंस
फिलहाल हादसे की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। विमानन अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है और तकनीकी खराबी से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। ब्लैक बॉक्स और फ्लाइट डेटा से भी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। इस घटना ने एक बार फिर एयर सेफ्टी और मेंटेनेंस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उन देशों में जहां बुनियादी ढांचा पहले से ही चुनौतियों से जूझ रहा है।
