9 राज्यों में कोहरा, हरियाणा में दृश्यता 10 मीटर, दिल्ली में 100 मीटर
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी हुई। लाहौल और स्पीति में कुकुमसेरी सबसे ठंडा था। रात का तापमान शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 223 सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला में सबसे अधिक 145 सड़कें बंद रहीं, इसके बाद कुल्लू में 25 और मंडी जिले में 20 सड़कें बंद रहीं। जिससे वहां पहुंचे पर्यटक फंस गए हैं। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
राजस्थान और दिल्ली में बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों में दिल्ली एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। 9 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट भी है।

हरियाणा के कुछ जिलों में दृश्यता 10 मीटर से भी कम रही। साथ ही दिल्ली में विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर से भी कम रह गई है। दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है। सौराष्ट्र, कच्छ, तेलंगाना, गुजरात में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। उत्तर भारत और मैदानी राज्यों में शीतलहर और कोहरे की संभावना नहीं है। हिमाचल में बर्फबारी होगी, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट आएगी और शीतलहर चल सकती है।
