अटल टनल पर 1000 वाहन फंसे, राजस्थान में बारिश, स्कूल बंद
तीन राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 30 सड़कें बंद हैं।
शिमला में सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई, जिससे सड़कों पर 3 इंच बर्फ जमी है। जिससे सोलंगनाला से अटल टनल रोहतांग लौट रहे पर्यटकों के वाहन सड़क पर फिसलने लगे।
देर रात तक, अटल सुरंग के दक्षिण पोर्टल से उत्तरी पोर्टल तक 1,000 से अधिक वाहन बर्फ में फंस गए थे। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर वाहनों को बाहर निकाला।
उत्तराखंड में भी गढ़वाल हिमालय के बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब और कुमाऊं के मुनस्यारी में बर्फबारी हुई है, जिससे पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ गई है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी बारिश हुई। राजस्थान के गंगानगर, अनूपगढ़, चूरू और बीकानेर में 10 मिमी तक बारिश हुई।
राजस्थान में अगले 3 दिन और मध्य प्रदेश में अगले 4 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी है। इसके चलते राजस्थान सरकार ने 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
