आलमपुर नगर परिषद में करोड़ों का घोटाला उजागर
Shiv Shankar Jatav Arrest: खबर मप्र के लहार से है जहां आलमपुर नगर परिषद में सबल योजना और विवाह सहायता योजना के तहत जीवित व्यक्तियों को मृत बताकर अनुग्रह राशि हड़पने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने इस घोटाले के मुख्य आरोपी शिव शंकर जाटव को 20 माह बाद इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
29 अगस्त 2023 को दर्ज हुआ था मामला

आरोपी शिव शंकर जाटव, जो आलमपुर नगर परिषद में बाबू पद पर पदस्थ था, के खिलाफ 29 अगस्त 2023 को धोखाधड़ी, कूटरचना सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। उसी प्रकरण में कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज बुधवार पर भी कार्रवाई की गई थी। मामला दर्ज होने से पहले ही शिव शंकर का तबादला दतिया जिले में हो चुका था, जिससे पुलिस को तत्काल गिरफ्तारी करने में कठिनाई आई।
कंप्यूटर ऑपरेटर की हो चुकी थी गिरफ्तारी
घोटाले में आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज बुधवार को पुलिस ने मामला दर्ज होने के कुछ समय बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन मुख्य आरोपी शिव शंकर जाटव पुलिस को लगातार चकमा देता रहा और फरार हो गया था। उसके खिलाफ फरारी के चलते गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था।
इंदौर में फ्लैट लेकर छिपा था आरोपी
जानकारी के अनुसार, शिव शंकर जाटव इंदौर में एक फ्लैट लेकर रह रहा था। पुलिस ने लगातार उसके मोबाइल नंबर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से निगरानी रखी। आखिरकार पुलिस को उसकी सही लोकेशन का पता चल गया और बुधवार रात उसे इंदौर से गिरफ्तार कर लिया गया।
चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर
गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की, जिसे न्यायालय ने स्वीकार करते हुए चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी है। अब पुलिस आरोपी से घोटाले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब तलाशेगी।
थाना प्रभारी का बयान
Shiv Shankar Jatav Arrest: आलमपुर थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने बताया कि मुख्य आरोपी को इंदौर से पकड़कर लाया गया है। पुलिस अब घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और हड़पी गई राशि के बारे में भी गहन पूछताछ करेगी।
और भी ऐसी खबरों के लिए डाउनलोड करें nation mirror app
