Shefali Jariwala: ‘कांटा लगा’ गाने से मशहूर हुईं एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 27 जून की रात उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उन्हें मुंबई के अंधेरी स्थित बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के रिसेप्शन स्टाफ ने पुष्टि की है कि शेफाली को मृत अवस्था में लाया गया था। फिलहाल, उनका शव पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है।

Shefali Jariwala: परिजनों के भी बयान दर्ज किए जा रहे
इस मामले में मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम शेफाली के घर पहुंचकर सबूत जुटा रही है। वहीं, अंबोली पुलिस स्टेशन में उनके घर की मेड और कुक से पूछताछ की जा रही है। परिजनों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
Shefali Jariwala: तीन अन्य लोग शुक्रवार रात अस्पताल लेकर पहुंचे थे
सूत्रों के अनुसार, शेफाली को उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी तथा तीन अन्य लोग शुक्रवार रात अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
Shefali Jariwala: शेफाली जरीवाला ने अपने करियर की शुरुआत 19 साल की उम्र में म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से की थी। इस गाने में उनके बोल्ड डांस और लुक ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने कुछ और म्यूजिक वीडियो और फिल्मों में काम किया। साल 2004 में वे सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में नजर आई थीं। इसके अलावा, उन्हें कन्नड़ फिल्म ‘हुडुगारू’ और कई डांस रियलिटी शोज में भी देखा गया। उन्होंने ‘नच बलिए’ में अपने पति पराग त्यागी के साथ हिस्सा लिया था।
Shefali Jariwala: 2021 में कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया
शेफाली ने 2019 में ‘बिग बॉस 13’ में वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी, जहां वे अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सिद्धार्थ शुक्ला के साथ अच्छी बॉन्डिंग शेयर करती दिखी थीं। गौरतलब है कि सिद्धार्थ शुक्ला का भी 2021 में कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया था।
2015 में अभिनेता पराग त्यागी से विवाह
व्यक्तिगत जिंदगी की बात करें तो शेफाली ने 2004 में मीत ब्रदर्स के संगीतकार हरमीत सिंह से शादी की थी, लेकिन 2009 में दोनों अलग हो गए। बाद में उन्होंने 2015 में अभिनेता पराग त्यागी से विवाह किया।
एक्सरसाइज के जरिए अपनी तबीयत संभाली
एक इंटरव्यू में शेफाली ने बताया था कि उन्हें 15 साल की उम्र में मिर्गी का दौरा पड़ा था और तनाव व चिंता के चलते उनकी तबीयत बिगड़ जाती थी। हालांकि, बाद में उन्होंने योग और नियमित एक्सरसाइज के जरिए अपनी तबीयत संभाली थी।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की गहन जांच कर रही है।
