Share Market Today: शेयर बाजार की चाल इन दिनों निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान ला रही है. मंगलवार, 10 फरवरी को भारतीय शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन तेजी देखने को मिली. कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 350 अंक तक उछल गया, वहीं निफ्टी ने 25,950 का अहम स्तर पार कर लिया. विदेशी निवेशकों की वापसी और भारत-अमेरिका ट्रेड डील से जुड़ी खबरों ने बाजार के सेंटीमेंट को मजबूत बनाए रखा।
Share Market Today: मेटल, ऑटो और टेलीकॉम चमके
सुबह करीब 10.30 बजे सेंसेक्स 357.66 अंक या 0.43 फीसदी की बढ़त के साथ 84,423.41 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 106.70 अंक या 0.41 फीसदी चढ़कर 25,974 के आसपास पहुंच गया। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो PSU बैंक को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख सेक्टर हरे निशान में रहे। मेटल, ऑटो और टेलीकॉम शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली।
Share Market Today: बाजार में तेजी की 4 बड़ी वजहें
1. विदेशी निवेशकों की दमदार वापसी
विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) एक बार फिर भारतीय बाजार में भरोसा जताते नजर आ रहे हैं। सोमवार को FIIs ने 2,254.64 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। इससे पहले शुक्रवार को भी करीब 1,950 करोड़ रुपये का निवेश किया गया था। बीते 9 कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशक करीब 2 अरब डॉलर भारतीय शेयर बाजार में डाल चुके हैं, जिससे बाजार को मजबूत सपोर्ट मिला है।
2. ग्लोबल बाजारों से पॉजिटिव संकेत
एशियाई बाजारों से भी अच्छे संकेत मिले। जापान का निक्केई 225, हांगकांग का हैंग सेंग और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। चीन का शंघाई कंपोजिट लगभग स्थिर रहा। वहीं अमेरिकी बाजार सोमवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
HDFC सिक्योरिटीज में प्राइम रिसर्च के हेड देवर्ष वकील के मुताबिक, जापान में प्रधानमंत्री साने ताकाइची की बड़ी चुनावी जीत और टेक शेयरों में मजबूती से ग्लोबल बाजारों का माहौल पॉजिटिव रहा। साथ ही डॉलर में आई कमजोरी ने भी उभरते बाजारों को सहारा दिया।
3. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल 0.28 फीसदी गिरकर 68.85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। तेल की कीमतों में गिरावट भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए राहत की बात है। इससे महंगाई का दबाव कम होता है और शेयर बाजार को भी सपोर्ट मिलता है।
4. भारत-अमेरिका ट्रेड डील से बढ़ा भरोसा
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बनी सहमति ने निवेशकों का भरोसा और मजबूत किया है। दोनों देशों ने हाल ही में एक अंतरिम ट्रेड फ्रेमवर्क का ऐलान किया है, जिसमें टैरिफ में कटौती और एनर्जी सेक्टर में साझेदारी पर जोर दिया गया है। इससे लंबे समय से चली आ रही टैरिफ को लेकर अनिश्चितता काफी हद तक खत्म होती नजर आ रही है।
आगे बाजार की चाल कैसी रह सकती है?
जियोजित इनवेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का कहना है कि निफ्टी ज्यादातर समय 25,830 के ऊपर टिका रहा है, जिससे 26,020 का अगला लक्ष्य अभी बरकरार है। हालांकि उन्होंने यह भी चेताया कि कमजोरी वाला मोमेंटम नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनके मुताबिक 26,020 के आसपास पहुंचने के बाद ही आगे के टारगेट 26,600–26,800 पर विचार किया जाना चाहिए।
एक दिन पहले भी दिखी थी मजबूती
इससे पहले सोमवार को भी शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 485 अंक चढ़कर 84,066 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 174 अंक की बढ़त के साथ 25,867 पर बंद हुआ था।
डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है। एक्सपर्ट्स की राय उनके निजी विचार हैं, निवेश से पहले अपनी समझ और सलाहकार की राय जरूर लें,
