
बीजेपी संगठन में शक्ति की होगी आराधना,हर जिले में दो महिलाओं को बनाया जाएगा मंडल अध्यक्ष

MP POLITICS: मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया लगातार जारी है। और यह चुनाव 15 दिसंबर तक मंडल अध्यक्षों के चुनाव के रूप में संपन्न होने हैं। इस बार की चुनाव प्रक्रिया की खास बात यह है कि पार्टी ने महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रत्येक जिले में दो महिला नेतृत्व को मंडल अध्यक्ष बनाया जाएगा जो नारी सशक्तिकरण की दिशा में पार्टी का एक बड़ा कदम है।
भाजपा संगठन में कई प्रमुख पदों पर दिखेंगी महिलाएं

MP POLITICS: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल के दानिश कुंज मंगल से इस निर्णय की घोषणा की थी। मध्यप्रदेश में कुल 60 संगठनात्मक जिले हैं और इसका मतलब यह है कि भाजपा मंडल स्तर पर 120 महिलाओं को अध्यक्ष बनाएगी। इससे भाजपा के कार्यकर्ता और महिला नेतृत्व को एक नया मौका मिलेगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश में मंडलों की संख्या बढ़ाकर 1300 कर दी गई है, जबकि पहले यह संख्या 1099 थी। इसका मतलब यह है कि अब और अधिक कार्यकर्ताओं को मंडल अध्यक्ष बनने का अवसर मिलेगा।
पार्टी को अच्छे और मेहनती कार्यकर्ता की आवश्यकता
MP POLITICS: भाजपा ने चुनाव प्रभारियों की बैठक में यह साफ निर्देश दिया है कि सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के दबाव में आए बिना पार्टी को अच्छे और मेहनती कार्यकर्ताओं का चयन करना है। सभी चुनाव आपसी समन्वय और पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में सहमति से किए जा रहे हैं जिससे एक सुव्यवस्थित चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित हो रही है।