Sagar temple blast: मध्य प्रदेश के सागर जिले में नवरात्रि से ठीक पहले दुर्गा मंदिर के पास हुए धमाके का सनसनीखेज खुलासा शुक्रवार को हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई आतंकी घटना नहीं, बल्कि एक पारिवारिक विवाद से जुड़ी साजिश थी। घटना के आरोपी ने अपनी पत्नी को वापस बुलाने के लिए ऐसा खतरनाक कदम उठाया, जिसने एक मासूम बच्ची को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आरोपी ने ब्लूटूथ स्पीकर में फिट किया ‘बम’

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी की पहचान गोलू पटेल के रूप में हुई है | पटेल ने एक ब्लूटूथ स्पीकर के अंदर डेटोनेटर जैसा बम तैयार कर फिट किया था। यह ब्लास्ट उस समय हुआ, जब एक 11 वर्षीय बच्ची ने स्पीकर को अपने मोबाइल से कनेक्ट किया, जिससे जोरदार विस्फोट हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
Sagar temple blast: पत्नी को फंसाने के लिए रची थी साजिश
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी की पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। उसे वापस लाने के लिए उसने यह साजिश रची। आरोपी ने मंदिर के पुजारी को एक फर्जी मैसेज भेजा, जिसमें उसने अपनी पत्नी के भाइयों के नाम शामिल किए। उसकी योजना थी कि ब्लास्ट के बाद उन पर आरोप लगाकर उन्हें गिरफ्तार कराया जाए, जिससे पत्नी मजबूर होकर वापस लौट आए।
पटाखों की बारूद से पटेल ने तैयार किया विस्फोटक
पुलिस पूछताछ में आरोपी पटेल ने बताया कि उसने 6 सुतली बमों से बारूद निकालकर डेटोनेटर जैसा विस्फोटक तैयार किया। पुलिस को उसने बताया कि वह पहले एक माइनिंग कंपनी में काम कर चुका है, जिसके कारण उसे इस तरह के विस्फोटक बनाने की जानकारी थी। इसी अनुभव का इस्तेमाल कर उसने इस पूरी घटना को अंजाम दिया।
6 पुलिस टीमों ने सुलझाया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 6 टीमों का गठन किया और साइबर सेल की मदद ली। सागर के एएसपी लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि गहन जांच के बाद आरोपी गोलू पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे आगे की पूछताछ जारी है।

नवरात्रि से ठीक पहले हुई घटना
घटना नवरात्रि से ठीक पहले दुर्गा मंदिर के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि, पुलिस की तत्परता से मामले का जल्द खुलासा हो गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
